गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने धारचूला अंतरराष्ट्रीय सीमा का किया निरीक्षण, जवानों का बढ़ाया उत्साह

गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने धारचूला अंतरराष्ट्रीय सीमा का किया निरीक्षण, जवानों का बढ़ाया उत्साह
Spread the love

धारचूला। गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बुधवार को धारचूला स्थित भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्थाओं एवं सीमा प्रबंधन का निरीक्षण किया। प्रातः सेना हेलीपैड धारचूला पहुंचने पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा उनका स्वागत किया गया।

इस दौरान अमित कुमार, सुधांशु नौटियाल, अक्षय कोंडे, योगेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। उनके साथ मनु महाराज भी मौजूद थे।

दौरे के दौरान गृह राज्य मंत्री ने काली नदी पर स्थित इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा के धारचूला झूला पुल का निरीक्षण किया। इस अवसर पर 11वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल, डीडीहाट के कमांडेंट अतुल कुमार राय, उपजिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी तथा सहायक कमांडेंट दीपक सापकले ने उनका स्वागत किया।
निरीक्षण के दौरान कमांडेंट द्वारा क्षेत्राधिकार एवं सशस्त्र सीमा बल की बॉर्डर इंटरैक्शन टीम (BIT) की कार्यप्रणाली तथा सीमा क्षेत्र में किए जा रहे सुरक्षा प्रबंधन संबंधी कार्यों की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई।

इसके बाद गृह राज्य मंत्री ने बीओपी धारचूला पहुंचकर सीमा पर तैनात जवानों से संवाद किया। उन्होंने जवानों की कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और कठिन भौगोलिक परिस्थितियों में राष्ट्र सुरक्षा के प्रति उनके समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सीमांत क्षेत्रों में तैनात सुरक्षा बल देश की प्रथम सुरक्षा पंक्ति हैं और उनका योगदान पूरे राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत है।

सुरक्षा समीक्षा एवं संवाद कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ। इस अवसर पर गृह राज्य मंत्री ने बीओपी धारचूला परिसर में चंदन का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।

दौरे के उपरांत गृह राज्य मंत्री दोपहर लगभग 12:45 बजे हेलीपैड के लिए रवाना हो गए। उनका यह दौरा सीमांत क्षेत्रों की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और जवानों का मनोबल बढ़ाने की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

देवभूमि खबर

Related articles