हरिद्वार पुलिस ने नाबालिग बालिका अपहरण मामले में आरोपी को लुधियाना से दबोचा

हरिद्वार पुलिस ने नाबालिग बालिका अपहरण मामले में आरोपी को लुधियाना से दबोचा
Spread the love

हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस ने नाबालिग बालिका के अपहरण के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पंजाब के लुधियाना से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया है।

कोतवाली रानीपुर में 20 मई 2026 को लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल रानीपुर निवासी व्यक्ति द्वारा अपनी नाबालिग पुत्री के बिना बताए घर से चले जाने की सूचना दी गई थी। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा संख्या 168/26 दर्ज कर जांच शुरू की।

प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों ने बालिका की तलाश शुरू की तथा विभिन्न सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान पता चला कि अंकुश पुत्र रमेश निवासी लेबर कॉलोनी सेक्टर-02 बीएचईएल रानीपुर हरिद्वार, नाबालिग को बहला-फुसलाकर लुधियाना, पंजाब ले गया था।

इसके बाद पुलिस टीम ने 28 मई 2026 को आरोपी अंकुश को लुधियाना के पंजाब माता मंदिर क्षेत्र स्थित उसके किराये के मकान से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह 19 मई 2026 को नाबालिग को अपने साथ लुधियाना ले गया था, जहां उसने उससे विवाह कर लिया और दोनों किराये के मकान में पति-पत्नी की तरह रह रहे थे।

पुलिस ने पीड़िता के बयान दर्ज कर मेडिकल परीक्षण कराया तथा आरोपी के खिलाफ दर्ज मुकदमे में पोक्सो एक्ट की धाराओं की बढ़ोत्तरी की गई है।

पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भण्डारी, अपर उपनिरीक्षक सोनिया, अपर उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल विमल नेगी एवं महिला होमगार्ड लक्ष्मी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles