तृतीय केदार तुंगनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं का एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने लिया जायजा, पुलिस को मुस्तैदी के निर्देश

तृतीय केदार तुंगनाथ धाम यात्रा व्यवस्थाओं का एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने लिया जायजा, पुलिस को मुस्तैदी के निर्देश
Spread the love

रुद्रप्रयाग। तृतीय केदार भगवान श्री तुंगनाथ धाम में इन दिनों देश-विदेश से भारी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने के बीच यात्रा व्यवस्थाओं को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आ रहा है। चारधाम यात्रा के साथ तुंगनाथ धाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए उत्तराखण्ड के अपर पुलिस महानिदेशक (अपराध एवं कानून व्यवस्था) डॉ. वी. मुरुगेशन ने चोपता से लेकर श्री तुंगनाथ मंदिर तक सम्पूर्ण पैदल मार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्थाओं, संवेदनशील स्थलों तथा दुर्गम चढ़ाई वाले क्षेत्रों में तैनात पुलिस बल की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। उन्होंने ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पूरी सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

एडीजी ने पुलिस कर्मियों को यात्रियों के साथ शालीन, विनम्र एवं सहयोगात्मक व्यवहार बनाए रखने के निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सकारात्मक वातावरण उपलब्ध कराया जाए।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने स्थानीय पुरोहितों, व्यापारियों एवं यात्रा मार्ग पर मौजूद श्रद्धालुओं से संवाद कर व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने प्रशासन की ओर से हरसंभव सहायता का भरोसा दिलाते हुए स्थानीय समस्याओं के त्वरित समाधान की बात कही।

यात्रा संचालन को और अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से एडीजी डॉ. वी. मुरुगेशन ने प्रभारी निरीक्षक ऊखीमठ मनोज नेगी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्थानीय प्रशासन, मंदिर समिति और हितधारकों के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने, मंदिर परिसर में भीड़ नियंत्रण के लिए सुव्यवस्थित कतार प्रणाली लागू करने तथा श्रद्धालुओं के लिए बुनियादी सुविधाओं को और बेहतर बनाने पर जोर दिया।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक श्रद्धालु को सुगमता और सुरक्षा के साथ बाबा तुंगनाथ के दर्शन कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

देवभूमि खबर

Related articles