ऊधमसिंहनगर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ : 4.54 करोड़ के असली-नकली नोट बरामद, दो शातिर गिरफ्तार

ऊधमसिंहनगर पुलिस का ‘ऑपरेशन प्रहार’ : 4.54 करोड़ के असली-नकली नोट बरामद, दो शातिर गिरफ्तार
Spread the love

ऊधमसिंहनगर। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के “अपराध मुक्त उत्तराखंड” संकल्प को साकार करने की दिशा में एसएसपी अजय गणपति के नेतृत्व में ऊधमसिंहनगर पुलिस लगातार अपराधियों के विरुद्ध सख्त अभियान चला रही है। इसी क्रम में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत गदरपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए नकली नोटों के बड़े रैकेट का पर्दाफाश कर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से लगभग 4 करोड़ 54 लाख रुपये के असली एवं नकली नोट बरामद किए हैं।

पुलिस के अनुसार गदरपुर क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति एवं वाहनों की चेकिंग के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सैफ्टा फार्म रोड स्थित पंचपुरी गूलरभोज के पास एक खोखे में कुछ व्यक्ति भारी मात्रा में संदिग्ध नोटों के साथ मौजूद हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और दो व्यक्तियों को हिरासत में लेकर तलाशी ली।

जांच में पुलिस भी उस समय हैरान रह गई जब कई गड्डियों में ऊपर भारतीय रिजर्व बैंक के असली 500 रुपये के नोट लगे मिले, जबकि नीचे “Children Bank of India” अंकित नकली नोट रखे गए थे। पुलिस के अनुसार आरोपित इन नकली नोटों को बाजार में खपाकर लोगों को धोखा देने की तैयारी में थे।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मुनतियाज पुत्र साहिद निवासी बाजपुर तथा मनोज कुमार पुत्र दूधनाथ निवासी गूलरभोज, गदरपुर के रूप में हुई है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध कोतवाली गदरपुर में FIR संख्या 141/2026 धारा 179/180/3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

पुलिस ने मौके से 500 रुपये के नकली नोटों की कई गड्डियां, ऊपर असली और नीचे नकली नोटों से भरी गड्डियां तथा एक काले-सफेद धारीदार बैग में रखी 157 गड्डियां बरामद की हैं। बरामदगी की कुल कीमत लगभग 4.54 करोड़ रुपये बताई जा रही है।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि जनपद में आर्थिक अपराध, नकली नोट, नशा और संगठित अपराध में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस पूरी सतर्कता और पेशेवर दक्षता के साथ अपराधियों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई कर रही है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में SHO भूपेन्द्र सिंह बृजवाल, उपनिरीक्षक सुरेन्द्र सिंह खड़ायत, उपनिरीक्षक मुकेश मिश्रा, हेड कांस्टेबल जगवीर सिंह, कांस्टेबल लक्ष्मण कुमार, कांस्टेबल रघुवर सिंह एवं कांस्टेबल अमित देवरानी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles