नैनीताल की झीलों के सौंदर्यीकरण और पार्किंग परियोजनाओं को मिलेगी रफ्तार, सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने किया स्थलीय निरीक्षण

नैनीताल। जिले में झील संरक्षण, पर्यटन सुविधाओं के विस्तार और यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने के लिए विभिन्न विकास परियोजनाओं पर तेजी से कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में आवास एवं राज्य सम्पत्ति विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार ने जिले की विभिन्न परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर प्रगति की समीक्षा की तथा अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
भीमताल झील के पुनर्विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए लगभग 25.67 करोड़ रुपये की डीपीआर तैयार की गई है। योजना के तहत प्रमुख पार्कों का पुनर्विकास, बोटिंग डॉक का निर्माण, 4210 मीटर लंबा कॉबल स्टोन पैदल मार्ग, उद्यानों का सौंदर्यीकरण, पार्किंग व्यवस्था में सुधार, सोलर स्ट्रीट लाइटिंग और स्ट्रीट फर्नीचर की स्थापना जैसे कार्य प्रस्तावित हैं।
नौकुचियाताल झील के विकास हेतु लगभग 20.97 करोड़ रुपये की परियोजना के अंतर्गत बोटिंग स्टैंड, प्रतीक्षालय, टिकट काउंटर, पार्किंग सुविधा, फ्लोटिंग जेट्टी, 2089 मीटर लंबा पैदल मार्ग, व्यूपॉइंट, गज़ीबो, लैंडस्केपिंग और सोलर लाइटिंग जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। सचिव ने इन कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।
कमलताल क्षेत्र में ओपन शॉपिंग सेंटर (प्लाज़ा), 50 मीटर लंबा पैदल पुल, 100 मीटर पैदल मार्ग, पार्किंग, सोलर लाइटिंग और लैंडस्केपिंग के कार्य प्रस्तावित हैं। इसे भविष्य में एक प्रमुख पर्यटन आकर्षण के रूप में विकसित किया जाएगा।
भवाली के लकड़ी टाल क्षेत्र में मल्टीलेवल कार पार्किंग एवं व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स का निर्माण कार्य लगभग 96 प्रतिशत पूरा हो चुका है। परियोजना के तहत 124 वाहनों की पार्किंग क्षमता और भूतल एवं प्रथम तल पर लगभग 40 दुकानों का निर्माण किया जा रहा है। सचिव ने शेष कार्य शीघ्र पूर्ण कर संचालन शुरू करने के निर्देश दिए।
नैनीताल के मल्लीताल क्षेत्र में 42.77 करोड़ रुपये की लागत से सरोवर पार्किंग परियोजना स्वीकृत है, जिसमें 605 चार पहिया और 202 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। वहीं नैनीताल क्लब के समीप प्रस्तावित 30.43 करोड़ रुपये की ऑटोमेटेड पार्किंग परियोजना के तहत 202 चार पहिया और 96 दो पहिया वाहनों के लिए पार्किंग व्यवस्था उपलब्ध कराई जाएगी।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने स्पष्ट किया कि जिन परियोजनाओं पर कार्य प्रारंभ नहीं हुआ है, वहां जल्द कार्य शुरू किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर कार्यदायी संस्थाओं में बदलाव भी किया जाए। नैनीताल-हल्द्वानी मार्ग स्थित अशोक पार्किंग स्थल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने पूर्व स्वीकृत धनराशि का उपयोग कर पार्किंग निर्माण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को और अधिक सुचारु बनाया जा सके।

