लालकुआं में बंद मकान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; सोने-चांदी के आभूषण और ₹25 हजार बरामद

लालकुआं में बंद मकान में चोरी का खुलासा, एक आरोपी गिरफ्तार; सोने-चांदी के आभूषण और ₹25 हजार बरामद
Spread the love

लालकुआं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में लालकुआं पुलिस ने बंद मकान में हुई चोरी की घटना का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने-चांदी के आभूषण सहित चोरी के सामान की बिक्री से प्राप्त ₹25 हजार की नकदी बरामद की है। घटना में शामिल दूसरा आरोपी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, जागनाथ भवन, अंबिकापुरम, न्यू गोता रोड, हल्दूचौड़ निवासी कलावती भट्ट करीब दो माह पूर्व उपचार के लिए अपनी पुत्री के पास बेंगलुरु गई थीं। घर पर कोई मौजूद नहीं था। 4 सितंबर 2026 को अज्ञात चोरों ने उनके बंद मकान का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। तहरीर के आधार पर थाना लालकुआं में मुकदमा अपराध संख्या 141/2026, धारा 305(ए)/331(4) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।

घटना के खुलासे और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन तथा पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कत्याल, क्षेत्राधिकारी लालकुआं विमल प्रसाद एवं प्रभारी निरीक्षक लालकुआं बृजभूषण राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस टीमों ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सुरागरसी-पतारसी और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया।

पुलिस को मिले महत्वपूर्ण सुरागों के आधार पर 19 सितंबर 2026 को जयपुरबीसा, हल्दूचौड़ क्षेत्र से यासीन पुत्र सफी अहमद, निवासी डोंगपुरी, सरदारनगर चौराहे के पास, थाना गदरपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर, उम्र 35 वर्ष को चोरी के माल सहित गिरफ्तार किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने साथी आबिद उर्फ लालू पुत्र मौ. हुसैन, निवासी डोंगपुरी, थाना गदरपुर के साथ दिन के समय पेंट का काम तलाशने के बहाने घूमकर बंद मकानों की रेकी करते थे। इसके बाद रात करीब 12 बजे से 1 बजे के बीच आसपास के लोगों के सो जाने पर सरिया आदि की मदद से बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपी यासीन के कब्जे से पीली धातु की फूलदार अंगूठी, चांदी का मंगलसूत्र, चांदी की एक जोड़ी पायल, चांदी के दो जोड़ी बिछुए तथा सोने के लॉकेट की बिक्री से प्राप्त ₹25 हजार नकद बरामद किए हैं। आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

घटना में शामिल फरार आरोपी आबिद उर्फ लालू के विरुद्ध थाना हल्द्वानी और थाना लालकुआं में चोरी सहित विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं। उसके विरुद्ध वर्ष 2021 में दो, वर्ष 2023 में दो, वर्ष 2024 में दो तथा वर्ष 2025 में एक मुकदमा दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में चौकी प्रभारी हल्दूचौड़ कोतवाली लालकुआं अर्जुन गिरी, कांस्टेबल गुरमेज सिंह और कांस्टेबल गणेश गिरी शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles