उत्तराखंड में शुरू हुआ ‘खेत बचाओ अभियान’, कृषि मंत्री गणेश जोशी बोले— खेत बचेगा तो देश बचेगा
देहरादून के सहसपुर ब्लॉक स्थित ढ़ाकी गांव में प्रदेश के कृषि मंत्री गणेश जोशी ने देशव्यापी ‘खेत बचाओ अभियान’ का उत्तराखंड में विधिवत शुभारंभ किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान की प्रेरणा से यह अभियान 1 जून से 30 जून तक पूरे प्रदेश में चलाया जाएगा। इस अवसर पर कृषि मंत्री ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा आत्मा योजना के अंतर्गत उत्कृष्ट किसानों को 25 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि के चेक और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया।
कृषि मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि अभियान के दौरान कृषि वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालयों के विशेषज्ञ, कृषि विज्ञान केंद्रों के प्रतिनिधि, केंद्र एवं राज्य सरकार के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और प्रगतिशील किसान गांव-गांव जाकर किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग, नकली कीटनाशकों की पहचान और वैज्ञानिक खेती की तकनीकों की जानकारी देंगे।
उन्होंने कहा कि खेत केवल भूमि का टुकड़ा नहीं, बल्कि देश की खाद्य सुरक्षा और किसानों की आजीविका का आधार हैं। “खेत बचेगा तो देश भी बचेगा” का संदेश देते हुए उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि, खाद्य सुरक्षा और राष्ट्र की उन्नति का मूल आधार उपजाऊ भूमि और कृषि है। उन्होंने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि रासायनिक उर्वरकों और कीटनाशकों के असंतुलित एवं अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरा शक्ति प्रभावित हो रही है, जिससे कृषि उत्पादन और पर्यावरण दोनों पर नकारात्मक असर पड़ रहा है।
कृषि मंत्री ने किसानों से मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने, जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने तथा मिट्टी संरक्षण के प्रति जागरूक होने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ मिट्टी ही समृद्ध किसान और आत्मनिर्भर भारत की मजबूत नींव है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार किसानों के कल्याण और कृषि विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। साथ ही प्रदेश के किसानों से इस अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने तथा वैज्ञानिक सलाह के अनुसार खेती करने और धीरे-धीरे प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर होने की अपील की।
कार्यक्रम में किसान आयोग के अध्यक्ष अजीत सिंह चौधरी, जड़ी-बूटी बोर्ड के उपाध्यक्ष भुवन विक्रम डबराल, भाजपा जिलाध्यक्ष मिता सिंह, कृषि सचिव एस.एन. पांडेय, कृषि निदेशक दिनेश कुमार, उद्यान निदेशक आर.के. सिंह सहित बड़ी संख्या में किसान एवं कृषि क्षेत्र से जुड़े लोग उपस्थित रहे।

