मंगलौर पुलिस का वाहन चोर गिरोह पर शिकंजा, आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद

हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं के बीच मंगलौर पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि एक बाल अपचारी को हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर चोरी की आठ मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में हरिद्वार के विभिन्न थाना क्षेत्रों के साथ उत्तर प्रदेश से चोरी की गई मोटरसाइकिलें भी शामिल हैं।
मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में मोटरसाइकिल चोरी के मामले में वादी इनाम निवासी कुमराड़ी की तहरीर पर मुकदमा अपराध संख्या 465/2026, धारा 303(2) बीएनएस के तहत अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मंगलौर द्वारा विशेष पुलिस टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने घटनाओं के खुलासे के लिए दिन-रात प्रयास करते हुए घटनास्थलों और संभावित मार्गों पर लगे करीब 171 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके साथ ही मुखबिर तंत्र सक्रिय किया गया और पूर्व में वाहन चोरी की घटनाओं में शामिल आरोपियों का सत्यापन किया गया।
24 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 465/2026 से संबंधित आरोपी मोनू उर्फ मन्नू पुत्र जयपाल, उम्र 20 वर्ष, निवासी ढंढेरा फाटक, थाना कोतवाली रुड़की, हरिद्वार को गिरफ्तार किया। पुलिस ने एक बाल अपचारी को भी हिरासत में लिया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर अलग-अलग स्थानों से कुल आठ चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मोनू उर्फ मन्नू पुत्र जयपाल निवासी ढंढेरा फाटक, थाना कोतवाली रुड़की के रूप में हुई है। दूसरे आरोपी की पहचान पुलिस ने बाल अपचारी के रूप में बताई है।
बरामद मोटरसाइकिलों में एक यूके 17 क्यू 1626 स्प्लेंडर सहित सात अन्य स्प्लेंडर मोटरसाइकिलें शामिल हैं। पुलिस ने बरामद वाहनों के चेसिस नंबर भी दर्ज किए हैं।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक भगवान सिंह महर, उपनिरीक्षक नितिन बिष्ट, अपर उपनिरीक्षक श्यामबाबू, कांस्टेबल विनोद, होमगार्ड विजय कुमार और पीआरडी जितेंद्र शामिल रहे।
