पर्यटकों के लिए खुली विश्व धरोहर ‘फूलों की घाटी’, अब प्रकृति के अद्भुत नजारों का ले सकेंगे आनंद
चमोली ।जनपद स्थित विश्व प्रसिद्ध फूलों की घाटी रविवार से पर्यटकों के लिए खोल दी गई है। नन्दा देवी राष्ट्रीय उद्यान प्रशासन द्वारा घाटी के द्वार खोलने के साथ ही अब देश-विदेश से आने वाले पर्यटक इस प्राकृतिक धरोहर का दीदार कर सकेंगे। घाटी के खुलने से स्थानीय पर्यटन गतिविधियों को भी नई गति मिलने की उम्मीद है।
फूलों की घाटी हिमालयी जैव विविधता, दुर्लभ वनस्पतियों और प्राकृतिक सौंदर्य के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। प्रकृति प्रेमियों, वनस्पति वैज्ञानिकों और ट्रेकिंग के शौकीनों के लिए यह स्थान किसी स्वर्ग से कम नहीं माना जाता। घाटी में सैकड़ों प्रजातियों के दुर्लभ फूलों और औषधीय जड़ी-बूटियों का प्राकृतिक खजाना मौजूद है।
घाटी की समृद्ध जैव विविधता और प्राकृतिक महत्व को देखते हुए यूनेस्को ने इसे विश्व धरोहर स्थल का दर्जा प्रदान किया है। हर वर्ष जून माह के प्रारंभ में इसे पर्यटकों के लिए खोला जाता है और सामान्यतः अक्टूबर के अंत अथवा बर्फबारी शुरू होने तक पर्यटकों की आवाजाही जारी रहती है।
मानसून के आगमन के साथ फूलों की घाटी अपनी पूर्ण रंगत में आना शुरू हो जाती है। जुलाई से सितंबर के बीच यहां फूलों का अद्भुत संसार देखने को मिलता है। इस दौरान ब्रह्म कमल, ब्लू पोस्ता, कोबरा लिली सहित सैकड़ों दुर्लभ और रंग-बिरंगे फूल घाटी की सुंदरता में चार चांद लगा देते हैं।
स्थानीय पर्यटन कारोबारियों का मानना है कि घाटी खुलने से क्षेत्र में होटल, होमस्टे, ट्रांसपोर्ट और अन्य पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, जिससे स्थानीय लोगों की आजीविका को भी लाभ पहुंचेगा।

