अल्मोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 11.130 किलो गांजे के साथ दो तस्कर गिरफ्तार, 2.78 लाख की खेप बरामद
अल्मोड़ा। ऑपरेशन प्रहार और ड्रग्स फ्री देवभूमि मिशन के तहत सल्ट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए 11.130 किलोग्राम अवैध गांजे के साथ दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत 2 लाख 78 हजार 250 रुपये आंकी गई है।
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जनपद में नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत तड़के 4 जून 2026 को अपर पुलिस अधीक्षक हरबंस सिंह के मार्गदर्शन एवं क्षेत्राधिकारी अल्मोड़ा/रानीखेत बलवंत सिंह रावत के पर्यवेक्षण में थाना सल्ट पुलिस द्वारा मर्चूला पुलिस चेक पोस्ट पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया।
चेकिंग के दौरान पुलिस टीम ने मोटरसाइकिल संख्या UK18 S 4596 को रोककर तलाशी ली। वाहन में सवार एक युवक और एक युवती के कब्जे से कुल 11.130 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। इसके बाद दोनों आरोपियों को मौके पर गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान असीम उर्फ मुन्ना (22 वर्ष) पुत्र नन्हे निवासी कुमाऊं कॉलोनी, कचनालगाजी, काशीपुर, जनपद ऊधम सिंह नगर तथा सानिया कालरा (19 वर्ष) पुत्री पवन कुमार निवासी गढ़ीनेगी, कुण्डा, जनपद ऊधम सिंह नगर के रूप में हुई है।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सल्ट में एफआईआर संख्या 12/2026 के तहत धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। तस्करी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक लोमेश कुमार, हेड कांस्टेबल हेमंत मनराल, कांस्टेबल अमरेंद्र कुमार एवं महिला कांस्टेबल पुनीता पाठक शामिल रहे।

