लंबगांव युवक मृत्यु प्रकरण में दो आरोपी गिरफ्तार, न्यायिक अभिरक्षा में भेजे गए
टिहरी । थाना लंबगांव क्षेत्र में युवक की मृत्यु के संबंध में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 09/2026, धारा 103(1)/3(5) बीएनएस एवं धारा 3(2)(V) एससी/एसटी एक्ट के तहत नामजद दोनों अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक टिहरी गढ़वाल श्वेता चौबे ने विवेचना क्षेत्राधिकारी चंबा को सौंपते हुए प्रभावी एवं विधिसम्मत कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
विवेचना अधिकारी एवं क्षेत्राधिकारी चंबा महेश लखेड़ा द्वारा घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया गया तथा फील्ड यूनिट टीम को मौके पर बुलाकर महत्वपूर्ण भौतिक एवं वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्र किए गए। साथ ही गवाहों के बयान दर्ज कर आवश्यक जांच प्रक्रिया पूरी की गई।
पूछताछ और संकलित साक्ष्यों के आधार पर नामजद अभियुक्तों की संलिप्तता पाए जाने पर उन्हें गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया तथा उन्हें माननीय न्यायालय में पेश करने के उपरांत न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
मृतक का पोस्टमार्टम तीन चिकित्सकों के पैनल द्वारा कराया गया, जिसकी वीडियोग्राफी भी कराई गई है। पुलिस के अनुसार मामले की विवेचना अभी जारी है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान यशवीर सिंह पवार पुत्र विद्या सिंह पवार, उम्र 36 वर्ष, निवासी ग्राम फूलगढ़ बाला, तहसील प्रतापनगर, पट्टी ओण, जनपद टिहरी गढ़वाल।
विद्या सिंह पवार पुत्र स्वर्गीय माधव सिंह, उम्र 66 वर्ष, निवासी ग्राम फूलगढ़ बाला, तहसील प्रतापनगर, पट्टी ओण, जनपद टिहरी गढ़वाल के रूप में हुई।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम के महेश लखेड़ा, क्षेत्राधिकारी चंबा,उपनिरीक्षक प्रवीण,अपर उपनिरीक्षक दिवाकर शर्मा,अपर उपनिरीक्षक विजय नेगी,कांस्टेबल अमजद खान, थाना लंबगांव शामिल रहे ।
पुलिस ने कहा कि मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच जारी है तथा दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

