प्रदेश के निकायों को मिलेंगे 500 नए कूड़ा संग्रहण वाहन, विकास योजनाओं की मंत्री राम सिंह कैड़ा ने की समीक्षा
देहरादून। शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा की अध्यक्षता में राजपुर रोड स्थित वन मुख्यालय के मंथन सभागार में प्रदेश के सभी नगर निगमों में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में महापौरों, नगर आयुक्तों, विभागीय अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक को संबोधित करते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार नगर निगमों, नगर पालिकाओं और नगर पंचायतों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की बाधा नहीं आने दी जाएगी और जनहित सर्वोच्च प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने कहा कि नगर निकायों के जनप्रतिनिधि सरकार और जनता के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं। इसलिए उनकी समस्याओं और सुझावों को गंभीरता से लिया जाएगा। अधिकारियों को निकायों से जुड़े लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए।
शहरी विकास मंत्री ने बताया कि प्रदेश में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए 500 अतिरिक्त कूड़ा संग्रहण वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे। इन वाहनों की निगरानी और संचालन को पारदर्शी बनाने के लिए एक विशेष मोबाइल एप भी लॉन्च किया गया है।
उन्होंने बताया कि हाल ही में 63 सफाई निरीक्षकों को नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए हैं। साथ ही निकायों में लंबे समय से रिक्त अधिशासी अधिकारी, अपर अभियंता और राजस्व निरीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पदों पर भी नियुक्तियां की जा चुकी हैं, जिससे विकास कार्यों को गति मिलेगी।
निकायों को आत्मनिर्भर बनाने पर जोर
मंत्री कैड़ा ने सभी नगर निकायों से आय के स्रोत बढ़ाने के लिए ठोस रणनीति तैयार करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वित्तीय रूप से सशक्त निकाय ही नागरिकों को बेहतर सेवाएं प्रदान कर सकते हैं। इसके लिए स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग और राजस्व बढ़ाने के नवाचारों पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।
बैठक में नगर क्षेत्रों के सौंदर्यीकरण, सड़क सुधार, विद्युत एवं पेयजल लाइनों के उन्नयन, गैस पाइपलाइन को भूमिगत करने, डंपिंग जोन विकसित करने तथा गौशालाओं के निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा की गई। मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास परियोजनाओं को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा किया जाए।
उन्होंने आवारा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए पर्याप्त संख्या में शेल्टर होम विकसित करने पर भी जोर दिया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि प्रदेश के विकास के लिए जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और कर्मचारियों को समन्वय के साथ कार्य करना होगा। उन्होंने निकायों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की समीक्षा बैठकों का नियमित आयोजन किया जाएगा, ताकि विकास कार्यों की सतत निगरानी की जा सके और जनहित से जुड़े कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे हों।
बैठक में सचिव नितेश झा, अपर सचिव विनोद गिरी गोस्वामी, विभिन्न नगर निगमों के महापौर, नगर आयुक्त एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

