अल्मोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त

अल्मोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: गांजा तस्करी से खरीदी गई स्विफ्ट डिजायर गैंगस्टर एक्ट के तहत जब्त
Spread the love

अल्मोड़ा।   अल्मोड़ा पुलिस ने गैंगस्टर एक्ट के तहत संपत्ति जब्ती की दिशा में प्रभावी कार्रवाई करते हुए गांजा तस्करी से अर्जित धन से खरीदी गई एक स्विफ्ट डिजायर कार को जब्त कर लिया है। एसएसपी ने जनपद के सभी थाना प्रभारियों को एनडीपीएस एक्ट से जुड़े मामलों में अपराधियों द्वारा अवैध कमाई से खरीदी गई संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कुर्की और जब्ती की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

मामले के अनुसार, 1 फरवरी 2025 को थाना भतरौजखान पुलिस ने वाहन संख्या UK04-R-5051 स्विफ्ट डिजायर से जीवन आर्या उर्फ जग्गू, रोहित कुमार और भूपेश कुमार उर्फ बॉबी के कब्जे से 42.515 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया था। इस संबंध में थाना भतरौजखान में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था।

बाद में 6 मई 2025 को इन तीनों आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी अभियोग पंजीकृत किया गया। विवेचना के दौरान यह सामने आया कि अभियुक्त भूपेश कुमार उर्फ बॉबी ने मादक पदार्थों की तस्करी से अर्जित धन से चल संपत्ति खरीदी थी।

एसएसपी के निर्देशानुसार आवश्यक वैधानिक प्रक्रिया पूरी करते हुए थानाध्यक्ष भतरौजखान अवनीश कुमार और हेड कांस्टेबल श्रवण सैनी ने 9 जून 2026 को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कार्रवाई करते हुए अभियुक्त भूपेश कुमार उर्फ बॉबी निवासी नई बस्ती लालडांग, थाना रामनगर, जनपद नैनीताल की स्विफ्ट डिजायर कार (UK04-R-5051) को कुर्क एवं जब्त कर लिया। पुलिस का कहना है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

देवभूमि खबर

Related articles