हरिद्वार में 750 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को मिलेगा FoSTaC प्रशिक्षण, सुरक्षित और स्वच्छ भोजन पर विशेष जोर

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशों के अनुपालन में जनपद में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं के लिए खाद्य सुरक्षा एवं स्वच्छता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया (FSSAI) के FoSTaC (Food Safety Training & Certification) कार्यक्रम के तहत विशेष प्रशिक्षण अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत जिले के लगभग 750 स्ट्रीट फूड वेंडर्स को प्रशिक्षण देने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
सहायक आयुक्त खाद्य संरक्षण एवं औषधि महिमानन्द जोशी ने बताया कि 9, 10 और 11 जून 2026 को हरिद्वार क्षेत्र में प्रशिक्षण सत्र आयोजित किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में फूड वेंडर्स ने भाग लिया। अभियान के अगले चरण में 13 जून से 15 जून तक विभिन्न स्थानों पर शेष विक्रेताओं को प्रशिक्षण प्रदान किया जा रहा है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के तहत प्रत्येक बैच में लगभग 50 स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को शामिल किया जा रहा है। उन्हें खाद्य स्वच्छता, सुरक्षित भोजन निर्माण, व्यक्तिगत हाइजीन, साफ-सफाई, ग्राहक सुरक्षा तथा खाद्य गुणवत्ता बनाए रखने के आवश्यक मानकों की विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण के दौरान विक्रेताओं को स्वच्छ पानी के उपयोग, कचरा प्रबंधन, साफ बर्तनों के प्रयोग, कार्यस्थल की नियमित सफाई तथा खाद्य सुरक्षा मानकों के पालन के प्रति जागरूक किया गया। साथ ही खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत पंजीकरण और लाइसेंस की अनिवार्यता सहित संबंधित नियमों की जानकारी भी उपलब्ध कराई गई।प्रशासन का उद्देश्य स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को प्रशिक्षित और जिम्मेदार बनाकर आम नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराना है, जिससे जनस्वास्थ्य को बेहतर संरक्षण मिल सके।

