सरियाताल झील में गिरी पर्यटकों की कार, स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से चारों यात्री सुरक्षित निकाले गए

सरियाताल झील में गिरी पर्यटकों की कार, स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से चारों यात्री सुरक्षित निकाले गए
Spread the love

रिपोर्ट: ललित जोशी

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल से करीब 10 किलोमीटर दूर नैनीताल-कालाढूंगी मार्ग स्थित सरियाताल झील के पास मंगलवार को एक बड़ा हादसा टल गया, जब दिल्ली से घूमने आए पर्यटकों की कार अनियंत्रित होकर सीधे झील में जा गिरी। वाहन में चार लोग सवार थे, जिन्हें स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार दिल्ली निवासी आलम और उमेर सहित चार पर्यटक नैनीताल भ्रमण के बाद अपने गंतव्य की ओर लौट रहे थे। इसी दौरान सरियाताल के समीप चालक वाहन से संतुलन खो बैठा, जिससे कार सड़क से फिसलकर झील में जा गिरी। वाहन के पानी में गिरते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।

स्थानीय नागरिकों ने बिना समय गंवाए तत्काल राहत कार्य शुरू किया और वाहन में फंसे सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची और बचाव कार्य में सहयोग किया। सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
हादसे के बाद पुलिस ने झील में गिरे वाहन को बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर दुर्घटना का कारण चालक द्वारा वाहन पर नियंत्रण खो देना माना जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles