कर्णप्रयाग में धारदार हथियार से हमला करने वाले चार निहंग यात्री हिरासत में, चमोली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

कर्णप्रयाग ।बाजार में मामूली कहासुनी के बाद हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें धारदार हथियार से हमला किए जाने पर चार स्थानीय लोग घायल हो गए। घटना के बाद चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार निहंग यात्रियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, श्री हेमकुंड साहिब यात्रा से लौट रहे कुछ निहंग यात्रियों और कर्णप्रयाग बाजार निवासी प्रकाश रावत के बीच कृष्णा पैलेस होटल के समीप मामूली कहासुनी हुई थी। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और दो निहंग यात्रियों ने प्रकाश रावत पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। बीच-बचाव के लिए पहुंचे स्थानीय लोगों पर भी दो अन्य निहंग यात्रियों ने हमला कर दिया, जिससे कुल चार स्थानीय व्यक्ति घायल हो गए।
घायलों में से एक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे एयर एम्बुलेंस के माध्यम से देहरादून भेजा गया है, जबकि अन्य तीन घायलों की हालत सामान्य और स्थिर बताई गई है।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाली कर्णप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची और हमला करने वाले चारों आरोपियों को तत्काल हिरासत में ले लिया। पीड़ित गजपाल सिंह की तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर आरोपियों के विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित हुआ, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी गौरव कुमार और पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार स्वयं मौके पर पहुंचे तथा स्थानीय लोगों से संवाद कर हालात को नियंत्रित किया। प्रशासन और पुलिस के संयुक्त प्रयासों से राजमार्ग को शीघ्र ही यातायात के लिए सुचारू कर दिया गया।
चारधाम यात्रा को प्रभावित होने से बचाने के लिए यात्रा मार्ग से जुड़े अन्य जनपदों के साथ समन्वय स्थापित कर कुछ समय के लिए यातायात नियंत्रित किया गया। साथ ही मौके पर फंसे यात्रियों के लिए पेयजल और खाद्य सामग्री की भी व्यवस्था की गई।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनपद में चारधाम यात्रा शांतिपूर्ण और निर्बाध रूप से संचालित हो रही है तथा कानून-व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की।
पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने स्पष्ट किया कि जनपद में कानून-व्यवस्था भंग करने या आमजन की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि चमोली पुलिस ऐसे मामलों में सख्त वैधानिक कार्रवाई करेगी और पूरे क्षेत्र में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
चमोली पुलिस ने स्थानीय नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी विवाद की स्थिति में कानून अपने हाथ में न लें, संयम बनाए रखें और केवल प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी आधिकारिक सूचनाओं पर ही विश्वास करें। सोशल मीडिया पर अपुष्ट जानकारी साझा करने से भी बचने की सलाह दी गई है।

