NEET (UG)-2026 पुनर्परीक्षा अभ्यर्थियों को उत्तराखंड रोडवेज बसों में मिलेगी निःशुल्क यात्रा सुविधा

देहरादून। NEET (UG)-2026 की पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले उत्तराखंड के अभ्यर्थियों को राज्य परिवहन निगम की बसों में निःशुल्क यात्रा सुविधा प्रदान की जाएगी। इस संबंध में उत्तराखंड परिवहन निगम मुख्यालय, देहरादून द्वारा सभी मंडलीय प्रबंधकों एवं डिपो अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए हैं।
जारी आदेश के अनुसार, राज्य के स्थायी निवासी ऐसे अभ्यर्थी जिन्हें पुनर्परीक्षा में सम्मिलित होने हेतु अधिकृत प्रवेश पत्र जारी किया गया है, वे उत्तराखंड परिवहन निगम की साधारण श्रेणी की बसों में निःशुल्क यात्रा कर सकेंगे। यह सुविधा परीक्षा केंद्र तक आने और परीक्षा के बाद वापस अपने गृह अथवा वर्तमान निवास स्थान तक जाने के लिए एक बार उपलब्ध होगी।
परिवहन निगम ने स्पष्ट किया है कि निःशुल्क यात्रा सुविधा 19 जून 2026 से 23 जून 2026 की रात 12 बजे तक मान्य रहेगी। अभ्यर्थी प्रवेश पत्र की हार्ड कॉपी के साथ-साथ मोबाइल में उपलब्ध सॉफ्ट कॉपी दिखाकर भी इस सुविधा का लाभ ले सकेंगे।
आदेश में कहा गया है कि ई-टिकट मशीन में NEET (UG)-2026 के लिए अलग विकल्प उपलब्ध कराया गया है, जिसमें परिचालक अभ्यर्थियों का रोल नंबर दर्ज करेंगे। यदि किसी कारणवश यह विकल्प उपलब्ध नहीं होता है तो परिचालक वे-बिल पर अभ्यर्थी का रोल नंबर, नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करेंगे।
उत्तराखंड परिवहन निगम ने सभी डिपो प्रबंधकों को निर्देश दिए हैं कि 19 से 23 जून के बीच बसों का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए तथा आवश्यकता पड़ने पर अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार अतिरिक्त बसों की व्यवस्था भी की जाए।
यह निर्णय पुनर्परीक्षा में शामिल होने वाले विद्यार्थियों को आर्थिक राहत प्रदान करने तथा उन्हें समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के उद्देश्य से लिया गया है।

