मुख्यमंत्री धामी ने 4,400 श्रमिकों को बांटे 11 करोड़ रुपये, कल्याणकारी योजनाओं की राशि डीबीटी से खातों में पहुंची

देहरादून।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत 4,400 से अधिक श्रमिक लाभार्थियों के खातों में डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से लगभग 11 करोड़ रुपये की धनराशि हस्तांतरित की। मुख्यमंत्री आवास में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने वन क्लिक के माध्यम से यह राशि लाभार्थियों के खातों में भेजी।
यह धनराशि बोर्ड की विवाह उपरांत सहायता, मृत्यु उपरांत अनुदान, प्रसूति सुविधा तथा शिक्षा सहायता योजनाओं के अंतर्गत वितरित की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि श्रमिक समाज और राज्य की विकास यात्रा के महत्वपूर्ण भागीदार हैं तथा उनके कल्याण के लिए सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने श्रम विभाग को निर्देश दिए कि श्रमिक कल्याण योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और विभिन्न क्षेत्रों में विशेष शिविर आयोजित कर अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को योजनाओं का लाभ पहुंचाया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि श्रमिकों के कार्यस्थलों के निकट आवश्यक सामग्री वितरण की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि उन्हें सुविधाजनक तरीके से लाभ मिल सके।
उन्होंने श्रमिकों के स्वास्थ्य परीक्षण, उनके आश्रित बच्चों की शिक्षा को बढ़ावा देने तथा जीवनोपयोगी सामग्री के वितरण के लिए विशेष शिविर आयोजित करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने योजनाओं के संचालन में पूर्ण पारदर्शिता बनाए रखने और सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के निर्देश देते हुए कहा कि केवल पात्र श्रमिकों तक ही योजनाओं का लाभ पहुंचना सुनिश्चित किया जाए।
कार्यक्रम में जानकारी दी गई कि उत्तराखंड भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड द्वारा पिछले एक वर्ष में 24,323 श्रमिकों को विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के तहत कुल 93 करोड़ 6 लाख रुपये की सहायता राशि वितरित की जा चुकी है।
इस अवसर पर राज्य सलाहकार संविदा बोर्ड श्री कैलाश पंत, राज्य सतर्कता समिति की अध्यक्ष श्रीमती गीता रावत, उपाध्यक्ष श्रीमती मोहिनी पोखरिया, अपर सचिव श्री विनीत कुमार, उप श्रम आयुक्त श्री विपिन कुमार, सहायक श्रम आयुक्त श्री शैलेश सती, वरिष्ठ तकनीकी विशेषज्ञ श्री दुर्गा चमोली सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्रम आयुक्त श्री प्रकाश चन्द्र दुम्का ने किया।

