नानकमत्ता में हिस्ट्रीशीटर की अवैध संपत्ति पर चला बुलडोजर, 50 लाख की सरकारी भूमि कराई मुक्त

नानकमत्ता में हिस्ट्रीशीटर की अवैध संपत्ति पर चला बुलडोजर, 50 लाख की सरकारी भूमि कराई मुक्त
Spread the love

उद्यमसिंह नगर।मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी की अपराध और नशा तस्करी के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति को प्रभावी रूप से लागू करते हुए ऊधम सिंह नगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति के नेतृत्व में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में नानकमत्ता क्षेत्र में कुख्यात हिस्ट्रीशीटर एवं गैंगस्टर तारा सिंह की अवैध संपत्ति पर प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की।

पुलिस, तहसील प्रशासन, सिंचाई विभाग, पीएसी और फायर सर्विस की संयुक्त टीम ने शनिवार को नानकसागर बांध क्षेत्र में सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जे को हटाया। कार्रवाई के दौरान हिस्ट्रीशीटर तारा सिंह द्वारा बनाए गए अवैध पक्के निर्माण और एक अवैध धार्मिक संरचना (मजार) को ध्वस्त कर दिया गया। इस अभियान में लगभग दो एकड़ सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराया गया, जिसकी अनुमानित बाजार कीमत 50 लाख रुपये से अधिक बताई गई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि तारा सिंह और उसके परिजनों ने सिंचाई विभाग की भूमि पर अवैध कब्जा कर निर्माण किया था। आरोप है कि इस स्थान का उपयोग लंबे समय से स्मैक, हेरोइन और अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री एवं तस्करी से जुड़ी गतिविधियों के लिए किया जा रहा था। नियमानुसार नोटिस और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई को अंजाम दिया।

तारा सिंह वर्तमान में जेल में निरुद्ध है और उसके खिलाफ डकैती, लूट, अपहरण, हत्या के प्रयास, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट तथा एनडीपीएस एक्ट समेत 27 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर भी एनडीपीएस एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत कई मामले दर्ज हैं।

एसएसपी अजय गणपति ने कहा कि नशा तस्करों, गैंगस्टरों और संगठित अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। अपराध से अर्जित अवैध संपत्तियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी तथा जनपद में नशे और अपराध के लिए किसी भी स्तर पर कोई स्थान नहीं छोड़ा जाएगा।

देवभूमि खबर

Related articles