पिस्टल का शो-ऑफ पड़ा भारी, गोली चलने से युवक घायल; आरोपी गिरफ्तार

पिस्टल का शो-ऑफ पड़ा भारी, गोली चलने से युवक घायल; आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

देहरादून ।पटेलनगर क्षेत्र में पिस्टल का रौब दिखाना एक युवक को भारी पड़ गया। पिस्टल की जांच के दौरान अचानक गोली चलने से एक युवक घायल हो गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पटेलनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली है।

पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को हंसराज सैनी निवासी भोगपुर, हरिद्वार ने कोतवाली पटेलनगर में शिकायत दर्ज कराई कि ओम सिटी स्थित किराये के मकान में वह अपने साथियों गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी और शुभम अग्रवाल को अपने पास रखी पिस्टल दिखा रहा था। इसी दौरान गोपाल शर्मा पिस्टल को चेक कर रहा था कि अचानक ट्रिगर दब गया और गोली हंसराज की नाक के पास लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की सहायता से पुलिस ने आरोपी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी को ओम सिटी के बाहर से गिरफ्तार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि हंसराज ने हाल ही में 65 हजार रुपये में पिस्टल खरीदी थी और उसी को दिखाने के लिए उसने अपने दोस्तों को बुलाया था। पिस्टल देखते समय अचानक ट्रिगर दब गया और गोली चल गई। घटना के बाद आरोपी ने घायल हंसराज को यह कहकर डराया कि अवैध पिस्टल रखने के कारण पुलिस उसे भी गिरफ्तार कर सकती है। इसके बाद दोनों ने मिलकर छत पर किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा गोली चलाने की झूठी कहानी गढ़ी और कमरे में फैले खून के निशान भी साफ कर दिए।

पुलिस जांच में सच्चाई सामने आने पर आरोपी की निशानदेही पर ओम सिटी के पास झाड़ियों से घटना में प्रयुक्त 32 बोर की पिस्टल बरामद की गई। घायल युवक को उपचार के लिए इंद्रेश अस्पताल ले जाया गया।

गिरफ्तार आरोपी गोपाल शर्मा उर्फ भिंडी (28 वर्ष) निवासी गुरु रोड, पटेलनगर का रहने वाला है। उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट और बलवा जैसे मामलों में मुकदमा दर्ज है।

इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक विनोद सिंह गुंसाई, वरिष्ठ उपनिरीक्षक प्रमोद शाह, चौकी प्रभारी प्रवीण सिंह पुंडीर सहित पुलिस टीम ने अंजाम दिया। पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है।

देवभूमि खबर

Related articles