नाबालिग से दुष्कर्म का आरोपी गिरफ्तार, हरिद्वार पुलिस ने 24 घंटे के भीतर दबोचा

हरिद्वार।महिला एवं बाल अपराधों के विरुद्ध हरिद्वार पुलिस की सख्त कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में कोतवाली भगवानपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका के साथ दुष्कर्म के आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार भगवानपुर क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने 18 जून 2026 को कोतवाली भगवानपुर में तहरीर देकर शिकायत दर्ज कराई कि उसकी नाबालिग पुत्री के साथ अब्दुल रहीम उर्फ छोटा उर्फ छोटू पुत्र तहसीन निवासी ग्राम हलजौरा, थाना भगवानपुर ने दुष्कर्म किया है।
तहरीर के आधार पर कोतवाली भगवानपुर में आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 61(1) तथा पॉक्सो अधिनियम की धारा 3(क)/4(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी हरिद्वार ने आरोपी की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी भगवानपुर एवं प्रभारी निरीक्षक भगवानपुर के नेतृत्व में गठित टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 19 जून 2026 को आरोपी को हिरासत में ले लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अब्दुल रहीम उर्फ छोटा उर्फ छोटू पुत्र तहसीन निवासी ग्राम हलजौरा, थाना भगवानपुर, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा आरोपी के विरुद्ध अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
कार्रवाई करने वाली टीम में महिला उपनिरीक्षक प्रियंका इजराल, अपर उपनिरीक्षक प्रदीप चौहान तथा कांस्टेबल राकेश कुमार शामिल रहे।
हरिद्वार पुलिस ने कहा है कि महिला एवं बाल अपराधों के मामलों में दोषियों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी तथा पीड़ितों को न्याय दिलाने के लिए पुलिस पूरी संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य कर रही है।

