ग्राइंडर से काटकर घर का लोहे का गेट चोरी करने वाला आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार, गेट बरामद

देहरादून ।डालनवाला पुलिस ने घर का लोहे का गेट काटकर चोरी करने की घटना का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया लोहे का गेट भी बरामद कर लिया है।
पुलिस के अनुसार 19 जून 2026 को अंबेडकर मार्ग, डीएल रोड निवासी श्रीमती गुलनार बानो ने कोतवाली डालनवाला में शिकायत दर्ज कराई कि वह परिवार सहित किसी कार्य से बाहर गई हुई थीं। अगले दिन घर लौटने पर उन्होंने देखा कि उनके घर का लोहे का गेट गायब है। शिकायत में उन्होंने पड़ोसी तनवीर अहमद खान पर संदेह जताया था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस टीम गठित की गई। जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में नामजद आरोपी तनवीर अहमद खान ग्राइंडर मशीन से गेट काटते हुए दिखाई दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर चोरी किया गया लोहे का गेट सहस्त्रधारा रोड स्थित हिल व्यू अपार्टमेंट, दुर्गा एन्क्लेव-2 के पास एक बंद प्लॉट से बरामद किया गया। इसके बाद पुलिस ने 20 जून 2026 को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान तनवीर अहमद खान (67 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय मंजूर अहमद खान, निवासी नालापानी रोड, डालनवाला, देहरादून के रूप में हुई है।
कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक बलबीर सिंह, हेड कांस्टेबल रणजीत भंडारी, कांस्टेबल जसवीर सिंह तथा कांस्टेबल रामेन्द्र सिंह शामिल रहे।

