भदूरा पट्टी के मेधावी छात्र-छात्राओं को मिला ‘पैन्यूली गौरव सम्मान’, शिक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन पर हुआ सम्मानित

टिहरी।न्याय पंचायत भदूरा पट्टी के कक्षा 10वीं एवं 12वीं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावी छात्र-छात्राओं को अखिल भारतीय पैन्यूली महासभा उत्तराखंड द्वारा “पैन्यूली गौरव सम्मान” से सम्मानित किया गया। समारोह का उद्देश्य प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित कर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करना रहा।
कार्यक्रम में राजकीय इंटर कॉलेज गलेखेल के प्रधानाचार्य डॉ. श्रीदिवाकर प्रसाद पैन्यूली तथा इंटर कॉलेज कोटालगांव के प्रधानाचार्य श्री ब्रजेन्द्र प्रसाद पैन्यूली की उपस्थिति में केंद्रीय विद्यालय सौड़ भदूरा सहित विभिन्न विद्यालयों के पांच मेधावी छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया।
सम्मान समारोह में अखिल भारतीय पैन्यूली महासभा उत्तराखंड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रसाद पैन्यूली, उपाध्यक्ष श्री विशाल मणि पैन्यूली, कोषाध्यक्ष श्री नित्यानंद पैन्यूली, सचिव श्री दिवासपति पैन्यूली सहित अन्य पदाधिकारियों ने विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर श्री ब्रजमोहन पैन्यूली, मंदिर समिति लिखवार गांव के अध्यक्ष श्री विमल पैन्यूली, क्षेत्र पंचायत सदस्य श्रीमती बबिता पैन्यूली तथा महासभा से जुड़े अनेक गणमान्य लोगों ने अपने विचार व्यक्त करते हुए शिक्षा को समाज की उन्नति का आधार बताया। कार्यक्रम में ओबीसी के महामंत्री श्री चंद्रशेखर पैन्यूली भी उपस्थित रहे।
समारोह के अंत में अखिल भारतीय पैन्यूली महासभा उत्तराखंड के अध्यक्ष श्री राजेंद्र प्रसाद पैन्यूली ने सभा को संबोधित करते हुए विद्यार्थियों को निरंतर मेहनत, अनुशासन और संस्कारों के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि समाज के प्रतिभावान बच्चों को सम्मानित करना आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
कार्यक्रम का समापन बटुक भैरव देवता, नागराजा देवता, मां भगवती भुवनेश्वरी देवी एवं नर्सिंग देवता के जयघोष के साथ हुआ।

