6 सूत्रीय मांगों को लेकर पर्यावरण मित्रों का प्रदर्शन, सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम

6 सूत्रीय मांगों को लेकर पर्यावरण मित्रों का प्रदर्शन, सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम
Spread the love

देहरादून। राष्ट्रीय सफाई कर्मचारी मजदूर यूनियन के तत्वावधान में नगर निगम देहरादून के पर्यावरण मित्रों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन करते हुए जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन के नाम ज्ञापन सौंपा। यूनियन के प्रदेश अध्यक्ष एवं संरक्षक चौधरी नरेश वैध के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान की मांग की गई।

चौधरी नरेश वैध ने कहा कि यूनियन पूर्व में भी कई बार राज्य सरकार को ज्ञापन दे चुकी है, लेकिन सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों की समस्याओं के समाधान के लिए अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के हितों की लगातार अनदेखी की जा रही है।

नगर निगम यूनियन के अध्यक्ष सुनील कुमार उर्फ सोनू खैरवाल ने बताया कि नगर निगम बोर्ड की बैठक में कच्चे पर्यावरण मित्रों को 800 रुपये प्रतिदिन वेतन देने तथा 715 संविदा एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों की नियुक्ति का प्रस्ताव पारित किया गया था, लेकिन दो माह बीत जाने के बाद भी इस पर अमल नहीं हुआ है।
यूनियन ने अपने छह सूत्रीय मांगपत्र में स्थानीय निकायों के ढांचे का पुनर्गठन कर पर्यावरण मित्रों के रिक्त पदों को भरने, राज्यभर में 10 हजार स्थायी पर्यावरण मित्रों के पद सृजित करने तथा इनमें से 3 हजार पद नगर निगम देहरादून को आवंटित करने की मांग उठाई है।

ज्ञापन में पंजाब की तर्ज पर भगवान श्री वाल्मीकि कोष की स्थापना करने की भी मांग की गई है, जिससे वाल्मीकि समाज के लोगों को आर्थिक सहायता, न्याय तथा बच्चों को निःशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराई जा सके। इसके साथ ही वर्ष 2004-05 में बंद की गई पेंशन व्यवस्था को पुनः बहाल करने की मांग भी की गई।
यूनियन ने सफाई कर्मचारियों और पर्यावरण मित्रों के लिए अलग कैडर बनाने तथा संविदा, दैनिक वेतनभोगी, रात्रि गैंग, मोहल्ला स्वच्छता समिति और अन्य कच्चे कर्मचारियों को 800 रुपये प्रतिदिन वेतन देने की मांग उठाई है।

प्रदर्शनकारियों ने राज्य सरकार को 15 दिन का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समयावधि में मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट राकेश तिवारी को सौंपा गया।
इस दौरान यूनियन के सचिव धीरज भारती, उपाध्यक्ष विनोद कुमार, राजकुमार, अरुण कुमार, परविंदर, अरविंद कुमार, तेजपाल, शुभम सौदेहे, पप्पू, रोहित कुमार, सुशीला देवी, रानी देवी, मीना देवी, लक्ष्मण, अमर सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles