HTML tutorial
HTML tutorial

कर्णप्रयाग प्रकरण में निष्पक्ष जांच के लिए बड़ा फैसला, दोनों मुकदमों की विवेचना हरिद्वार स्थानांतरित

कर्णप्रयाग प्रकरण में निष्पक्ष जांच के लिए बड़ा फैसला, दोनों मुकदमों की विवेचना हरिद्वार स्थानांतरित
Spread the love

देहरादून। कर्णप्रयाग में 16 जून 2026 को सिख श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के बीच हुए विवाद एवं मारपीट के मामले में पुलिस मुख्यालय ने निष्पक्ष और पारदर्शी जांच सुनिश्चित करने के लिए महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। पुलिस मुख्यालय ने दोनों पक्षों से जुड़े मामलों की विवेचना चमोली जनपद से हटाकर हरिद्वार जनपद को स्थानांतरित कर दी है।

पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, घटना में घायल हुए सिख श्रद्धालु के पिता की शिकायत पर उनके साथ कथित मारपीट करने वाले अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ 20 जून 2026 को थाना कर्णप्रयाग में एक अलग एफआईआर दर्ज की गई है। इससे पहले सिख श्रद्धालुओं के विरुद्ध भी थाना कर्णप्रयाग में मुकदमा दर्ज किया गया था।

आईजी गढ़वाल रेंज की संस्तुति पर पुलिस मुख्यालय ने दोनों मुकदमों की जांच को निष्पक्ष, स्वतंत्र और पारदर्शी बनाए रखने के उद्देश्य से हरिद्वार जनपद को स्थानांतरित करने का निर्णय लिया है। अब दोनों मामलों की विवेचना वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार नवनीत सिंह भुल्लर के निकट पर्यवेक्षण में की जाएगी।
इसके अतिरिक्त विभिन्न सिख संगठनों द्वारा स्थानीय पुलिस के कथित व्यवहार और आचरण को लेकर लगाए गए आरोपों की जांच भी उच्च स्तर पर कराए जाने का निर्णय लिया गया है। इस जांच की जिम्मेदारी डीआईजी यशवंत सिंह को सौंपी गई है। उन्हें दो सप्ताह के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस महानिरीक्षक गढ़वाल परिक्षेत्र राजीव स्वरूप ने कहा कि उत्तराखण्ड पुलिस सभी समुदायों की धार्मिक भावनाओं का सम्मान करती है और प्रत्येक मामले में कानून के अनुरूप निष्पक्ष एवं न्यायसंगत कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि हेमकुंड साहिब यात्रा श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण यात्रा है, जिसे पुलिस और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संचालित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सम्मान और सुविधा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा किसी भी घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

देवभूमि खबर

Related articles