BHEL फाउंड्री गेट फायरिंग कांड में शामिल 5 हजार रुपये का इनामी बदमाश दबोचा, गैंग के अन्य सदस्यों की तलाश तेज

हरिद्वार। ऑपरेशन प्रहार के तहत वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में हरिद्वार पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली रानीपुर पुलिस ने अप्रैल माह में BHEL फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना में शामिल BAAZ IN HARIDWAR गैंग के एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी पर थाना सिडकुल से 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस के अनुसार 21 अप्रैल 2026 की रात BHEL फाउंड्री गेट के पास हुई फायरिंग की घटना के संबंध में कोतवाली रानीपुर में विभिन्न धाराओं एवं आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने पूर्व में गैंग के तीन आरोपियों और दो नाबालिगों को अवैध तमंचों एवं चाकुओं के साथ गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था।
घटना के बाद से फरार चल रहे गैंग के सदस्य नितिश पुत्र प्रदीप निवासी ग्राम गंगनोली, थाना लक्सर, हरिद्वार को पुलिस ने मंगलवार को सेक्टर-1 गांधी पार्क के पास भगत सिंह चौक से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को मुकदमे में हिरासत में लेकर उसके खिलाफ संबंधित धाराओं में बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी नितिश का आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके खिलाफ बहादराबाद, रुड़की और सिडकुल थानों में शस्त्र अधिनियम एवं अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। सिडकुल थाने के एक मामले में उस पर 5 हजार रुपये का इनाम भी घोषित था।
पुलिस का कहना है कि फायरिंग प्रकरण में शामिल अन्य नामजद आरोपियों की तलाश जारी है और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। जल्द ही मामले में अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
इस कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने अंजाम दिया, जिसमें उपनिरीक्षक नंदकिशोर ग्वाड़ी, हेड कांस्टेबल विमल नेगी और कांस्टेबल वीर सिंह शामिल रहे।

