स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के पहले कुलपति बने अमित सिन्हा, डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने दी शुभकामनाएं
उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर (कुलपति) नियुक्त होने पर उत्तराखंड के मुख्य खेल सचिव एवं आईपीएस अधिकारी अमित सिन्हा को पूर्व राष्ट्रीय फुटबॉल खिलाड़ी, रेफरी, अंतरराष्ट्रीय कोच, राज्य आंदोलनकारी एवं सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने सचिवालय स्थित उनके कार्यालय पहुंचकर बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर डॉ. रावत ने कहा कि अमित सिन्हा के नेतृत्व में पिछले तीन वर्षों के दौरान उत्तराखंड खेलों के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों तक पहुंचा है। उनके प्रयासों से प्रदेश में खेल अवसंरचना का विस्तार हुआ तथा उत्तराखंड को खेल हब के रूप में विकसित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं। उन्होंने 38वें राष्ट्रीय खेलों के सफल आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि पहली बार उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने 100 से अधिक पदक जीतकर नया इतिहास रचा। फुटबॉल टीम ने भी पहली बार राष्ट्रीय खेलों के फाइनल में पहुंचकर उपविजेता बनने का गौरव हासिल किया।
डॉ. रावत ने कहा कि हल्द्वानी में स्थापित उत्तराखंड की पहली स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के पहले कुलपति के रूप में अमित सिन्हा की नियुक्ति प्रदेश के खेल जगत के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में विश्वविद्यालय खेल शिक्षा, प्रशिक्षण और शोध के क्षेत्र में नई उपलब्धियां हासिल करेगा तथा उत्तराखंड आने वाले वर्षों में देश के प्रमुख खेल केंद्रों में शामिल होगा।
इस दौरान पूर्व राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों के साथ खेलों के विकास को लेकर चर्चा भी हुई। बैठक में मास्टर्स खिलाड़ियों को खेल गतिविधियों से जोड़ने, उनके लिए विशेष प्रतियोगिताओं के आयोजन तथा राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक विजेताओं को सम्मानित करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही खिलाड़ियों, कोचों और रेफरियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा राज्य खेल फुटबॉल के विकास के लिए हरसंभव प्रयास करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की गई।
डॉ. रावत ने कहा कि खेलों के क्षेत्र में प्रदेश के हजारों खिलाड़ी, कोच और रेफरी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राज्य और देश का नाम रोशन करेंगे।

