ऑपरेशन प्रहार के तहत बड़ी कार्रवाई, पहाड़ों में स्मैक सप्लाई करने वाला तस्कर गिरफ्तार

टिहरी । वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे के निर्देशन में चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत टिहरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कोतवाली कीर्तिनगर पुलिस ने पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं तक नशा पहुंचाने वाले एक स्मैक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 4.54 ग्राम अवैध स्मैक (हेरोइन) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 23 जून 2026 की रात्रि मलेथा चेक पोस्ट पर चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान उसके पास से 4.54 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। बरामदगी के आधार पर अभियुक्त के खिलाफ कोतवाली कीर्तिनगर में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/60 के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान रोहित शाह (31 वर्ष) निवासी कर्णप्रयाग, जनपद चमोली (हाल निवासी श्रीकोट, श्रीनगर) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में सामने आया है कि वह पहाड़ी क्षेत्रों में युवाओं को स्मैक की आपूर्ति करता था। पुलिस अब उसके नशा तस्करी नेटवर्क, आपूर्ति श्रृंखला और अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन जांच कर रही है।
एसएसपी श्वेता चौबे ने कहा कि जनपद में नशे के खिलाफ अभियान पूरी सख्ती के साथ जारी रहेगा और युवाओं के भविष्य को नुकसान पहुंचाने वाले तस्करों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा, उपनिरीक्षक विनय शर्मा, अपर उपनिरीक्षक प्रवीण नेगी, अपर उपनिरीक्षक पंकज घनसाला, हेड कांस्टेबल नरेश राजवंशी, हेड कांस्टेबल मनमोहन तथा कांस्टेबल जितेन्द्र कुमार शामिल रहे।
टिहरी पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि कहीं भी नशीले पदार्थों की खरीद-फरोख्त या तस्करी की सूचना मिले तो तत्काल पुलिस अथवा मानस हेल्पलाइन 1933 पर जानकारी दें। सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

