रुद्रप्रयाग सतेराखाल में आबकारी विभाग का बड़ा छापा, भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद

रुद्रप्रयाग।चारधाम यात्रा के दौरान अवैध मदिरा की बिक्री और परिवहन पर रोक लगाने के लिए रुद्रप्रयाग में आबकारी विभाग लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। जिलाधिकारी विशाल मिश्रा के निर्देश और जिला आबकारी अधिकारी रमेश बंगवाल के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सतेराखाल बाजार में बड़ी कार्रवाई की गई।
आबकारी निरीक्षक आनंद चौहान के नेतृत्व में टीम ने एक व्यक्ति के घर की नियमानुसार तलाशी ली, जहां से 11 अध्दे और 49 पव्वे मैकडॉवल व्हिस्की अवैध रूप से बरामद हुई। बरामद शराब के संबंध में आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60(1) के तहत मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
अभियान में उप आबकारी निरीक्षक मधुर कुमार, आबकारी सिपाही रीना प्रधान, किरण प्रधान, सुंदरलाल और चंद्रिका शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आगे भी विशेष प्रवर्तन अभियान जारी रहेंगे।

