नैनी झील में मिला 45 वर्षीय युवक का शव, पुलिस जांच में जुटी

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल के थाना तल्लीताल क्षेत्र स्थित नैनी झील में शुक्रवार को एक 45 वर्षीय युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। झील में शव उतराता देख स्थानीय लोगों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही तल्लीताल पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से शव को झील से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान मिले आधार कार्ड के आधार पर मृतक की पहचान मल्लीताल निवासी 45 वर्षीय मनीष के रूप में हुई।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, मौत के कारणों का पता लगाने के लिए मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में शोक की लहर है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।

