रायपुर चोरी कांड का खुलासा, दून पुलिस ने दो शातिर चोरों को दबोचा, 7 लाख की ज्वैलरी बरामद

देहरादून। रायपुर थाना पुलिस ने क्षेत्र में हुई चोरी की घटना का सफल खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से करीब सात लाख रुपये मूल्य की चोरी की गई ज्वैलरी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार शांति विहार, रायपुर निवासी सूरज रावत ने थाना रायपुर में तहरीर देकर बताया था कि अज्ञात चोर उनके घर से ज्वैलरी चोरी कर ले गए हैं। शिकायत के आधार पर थाना रायपुर में मुकदमा संख्या 247/2026 धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी देहरादून ने जल्द खुलासे के निर्देश दिए। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया तथा पूर्व में चोरी के मामलों में जेल जा चुके अपराधियों का सत्यापन किया।
लगातार प्रयासों के बाद 25 जून 2026 को पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लाडपुर रिंग रोड जंगल की ओर से आ रहे दो आरोपियों—सोएब खान पुत्र जफर खान और अजहर पुत्र जफर खान—को गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से चोरी की गई करीब सात लाख रुपये की ज्वैलरी बरामद हुई।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने बताया कि वे नशे के आदी हैं और नशे की जरूरत पूरी करने के लिए उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सोएब खान (21 वर्ष) एवं अजहर पुत्र जफर खान, निवासी भगत सिंह कॉलोनी, थाना रायपुर, देहरादून (मूल निवासी मछली बाजार, नजीबाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक नरेंद्र बिष्ट, हेड कांस्टेबल दीप प्रकाश, हेड कांस्टेबल प्रेम पवार, कांस्टेबल मुकेश कंडारी तथा एसओजी टीम से हेड कांस्टेबल किरण और कांस्टेबल नवनीत शामिल रहे।

