अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ की बैठक में शिक्षकों की समस्याओं पर मंथन, पुरानी पेंशन और रिक्त पदों पर भर्ती की उठी मांग

टिहरी । अशासकीय माध्यमिक शिक्षक संघ, जनपद टिहरी गढ़वाल की जिला कार्यकारिणी की बैठक श्री लाल बहादुर शास्त्री जूनियर हाईस्कूल, ढालवाला (मुनि की रेती) में जिला अध्यक्ष शिव सिंह रावत की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक एवं कर्मचारियों की विभिन्न समस्याओं और उनके समाधान पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए संघ के प्रांतीय संरक्षक चिंतामणि सेमवाल एवं राजेंद्र कुकरेती ने कहा कि संगठन की मजबूती से ही शिक्षकों की समस्याओं का प्रभावी समाधान संभव है। उन्होंने सभी शिक्षक एवं कर्मचारियों से संगठन की सदस्यता ग्रहण कर उसे और सशक्त बनाने का आह्वान किया।
प्रांतीय महामंत्री महादेव मैठाणी ने कहा कि संघ के गठन के बाद से शिक्षक एवं कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि संगठन के प्रयासों से सभी शिक्षक-कर्मचारियों के गोल्डन कार्ड बन चुके हैं और उन्हें राज्य स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ मिल रहा है। साथ ही अन्य लंबित समस्याओं का भी क्रमबद्ध समाधान कराया जा रहा है।
जिलाध्यक्ष शिव सिंह रावत और जिला मंत्री नवीन बड़ोनी ने कहा कि जनपद में अशासकीय विद्यालयों के शिक्षकों के लंबित प्रकरणों का निस्तारण कराया जा चुका है। बैठक में शिक्षकों ने अशासकीय विद्यालयों में नियुक्ति प्रक्रिया शीघ्र शुरू करने, रिक्त पदों को पुनर्जीवित करने, वित्तीय स्वीकृति की बाध्यता समाप्त करने, जूनियर हाईस्कूल एवं एलटी संवर्ग में टीईटी की अनिवार्यता समाप्त करने, तदर्थ एवं वित्तविहीन सेवाओं का लाभ पुरानी पेंशन, चयन एवं प्रोन्नत वेतनमान में जोड़ने तथा राजकीय विद्यालयों की तर्ज पर सभी सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। इसके अलावा डाउनग्रेड प्रधानाचार्यों को ढाई वर्ष बाद पूर्ण प्रधानाचार्य वेतनमान दिए जाने की भी मांग की गई।
बैठक को प्रांतीय मंत्री सुनील पैन्यूली, प्रधानाचार्य राजेश डंगवाल, श्रीनिवास उनियाल, सुरेश ममगाईं, मधुमती बिंजोला, विनोद बिजल्वाण, धनंजय रावत, अनुराखी, राजेश बहुगुणा, वीरेंद्र कुड़ियाल, डॉ. विवेकानंद शर्मा, चंद्रभानु सेमवाल सहित अनेक पदाधिकारियों एवं शिक्षकों ने संबोधित किया।

