रुद्रप्रयाग पुलिस डिजिटल पुलिसिंग पर सख्त, एसपी नीहारिका तोमर ने CCTNS और ई-पोर्टलों की प्रगति की समीक्षा की

रुद्रप्रयाग पुलिस डिजिटल पुलिसिंग पर सख्त, एसपी नीहारिका तोमर ने CCTNS और ई-पोर्टलों की प्रगति की समीक्षा की
Spread the love

रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक नीहारिका तोमर ने बुधवार को पुलिस कार्यालय में जनपद के समस्त राजपत्रित अधिकारियों, तकनीकी प्रकोष्ठ एवं कोतवाली प्रभारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर सीसीटीएनएस (Crime and Criminal Tracking Network & Systems) तथा विभिन्न डिजिटल पुलिसिंग पोर्टलों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। बैठक का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, त्वरित और प्रभावी बनाना रहा।

बैठक में एसपी ने सभी एफआईआर, ड्राफ्ट चार्जशीट और अंतिम चार्जशीट पर समयबद्ध तरीके से ई-साइन अनिवार्य रूप से पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही ‘सिक्योर मालखाना’ परियोजना के तहत थानों के मालखानों के शत-प्रतिशत डिजिटलीकरण की समीक्षा करते हुए पुलिस उपाधीक्षकों को 15 दिनों के भीतर माल का पूरा विवरण पोर्टल पर अपलोड कराने और उसका भौतिक सत्यापन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
एसपी ने ई-बीट बुक, ई-समन, ई-साक्ष्य, आईसीजेएस, क्री-मैक, आईटीएसएसओ, आई-रेड और ई-डार सहित विभिन्न डिजिटल प्लेटफॉर्म पर डेटा की गुणवत्ता और समयबद्ध प्रविष्टि सुनिश्चित करने पर जोर दिया। उन्होंने विवेचना से संबंधित सभी 24 एकीकृत अन्वेषण प्रपत्र (IIF-1 से IIF-24) निर्धारित समयसीमा के भीतर बिना त्रुटि के अपलोड करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में चरित्र सत्यापन, किरायेदार एवं घरेलू नौकर सत्यापन तथा खोई हुई वस्तुओं की ऑनलाइन रिपोर्ट जैसी नागरिक सेवाओं की लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण कर पेंडेंसी शून्य करने पर भी विशेष बल दिया गया। एसपी ने कहा कि डेटा फीडिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी कोतवाली प्रभारियों को डिजिटल पोर्टलों पर हो रहे कार्यों की प्रतिदिन समीक्षा करने तथा तकनीकी प्रकोष्ठ को सभी थानों की अद्यतन प्रगति रिपोर्ट नियमित रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

देवभूमि खबर

Related articles