परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत ने किया एआरटीओ हरिद्वार कार्यालय का निरीक्षण, जनसेवा और डिजिटल व्यवस्था को और बेहतर बनाने के दिए निर्देश

Spread the love

हरिद्वार। उत्तराखण्ड शासन के परिवहन सचिव बृजेश कुमार संत ने बुधवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रशासन) कार्यालय, हरिद्वार का विस्तृत निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली, नागरिक सुविधाओं, डिजिटल सेवाओं, अभिलेखों के रखरखाव तथा लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को पारदर्शी, उत्तरदायी और जनहितकारी कार्य संस्कृति अपनाने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान सचिव ने ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन पंजीकरण, परमिट, कराधान, फिटनेस, ग्रीन कार्ड और अन्य नागरिक सेवाओं के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि परिवहन विभाग की सेवाएं सीधे आमजन से जुड़ी हैं, इसलिए प्रत्येक अधिकारी और कर्मचारी को संवेदनशीलता तथा दक्षता के साथ कार्य करना चाहिए।
उन्होंने कार्यालय के अभिलेखों और फाइलों के रखरखाव का निरीक्षण करते हुए रिकॉर्ड प्रबंधन प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने, महत्वपूर्ण अभिलेखों का सुरक्षित संरक्षण तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप संधारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय भवन को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित करने के लिए विस्तृत प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा।

चारधाम यात्रा की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सचिव ने ग्रीन कार्ड, वाहन फिटनेस और परमिट संबंधी व्यवस्थाओं को सुचारु एवं त्वरित बनाए रखने के निर्देश दिए, ताकि श्रद्धालुओं और वाहन संचालकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

परिवहन सचिव ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में एआरटीओ हरिद्वार द्वारा अब तक निर्धारित राजस्व लक्ष्य की शत-प्रतिशत उपलब्धि पर अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहना करते हुए भविष्य में भी इसी तरह उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने का आह्वान किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय परिसर की स्वच्छता, अनुशासन, नागरिक सुविधा काउंटरों और समग्र कार्य वातावरण का भी जायजा लिया तथा सूचना प्रौद्योगिकी के अधिकतम उपयोग के माध्यम से विभागीय सेवाओं को और अधिक सरल, पारदर्शी एवं नागरिक-केंद्रित बनाने पर बल दिया।

इस अवसर पर अपर परिवहन आयुक्त सनत कुमार सिंह, संभागीय परिवहन अधिकारी संदीप सैनी, एआरटीओ निखिल शर्मा, नेहा झा, जितेन्द्र चन्द, कृष्णा पलारिया सहित परिवहन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles