HTML tutorial
HTML tutorial

आंगनबाड़ी में सड़े अंडे और घटिया पोषाहार का आरोप, जन संघर्ष मोर्चा ने मंत्री रेखा आर्य की बर्खास्तगी की उठाई मांग

आंगनबाड़ी में सड़े अंडे और घटिया पोषाहार का आरोप, जन संघर्ष मोर्चा ने मंत्री रेखा आर्य की बर्खास्तगी की उठाई मांग
Spread the love

विकासनगर। जन संघर्ष मोर्चा ने प्रदेश के आंगनबाड़ी केंद्रों में कथित रूप से सड़े-गले अंडे और निम्न गुणवत्ता का पोषाहार वितरित किए जाने का आरोप लगाते हुए महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। मोर्चा अध्यक्ष एवं जीएमवीएन के पूर्व उपाध्यक्ष रघुनाथ सिंह नेगी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने तहसील परिसर में प्रदर्शन और घेराव किया तथा मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन तहसीलदार विवेक राजौरी को सौंपा।

रघुनाथ सिंह नेगी ने आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में सप्लाई किए जा रहे अंडे आकार में बेहद छोटे और कई मामलों में सड़े हुए हैं। उनका कहना है कि अंडे फोड़ने पर बदबू आती है, जिससे गर्भवती महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर खिलवाड़ हो रहा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि कई केंद्रों पर दो से तीन महीने का अंडों का स्टॉक एक साथ भेजा जा रहा है।

मोर्चा ने यह भी आरोप लगाया कि आंगनबाड़ी केंद्रों में दलिया, सत्तू और भोग हलवा जैसे बाल पोषाहार की निम्न गुणवत्ता एवं एक्सपायरी के करीब उत्पादों की आपूर्ति की जा रही है। उनका दावा है कि इस तरह का पोषाहार स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है और इसे जबरन केंद्रों पर वितरित कराया जा रहा है।

जन संघर्ष मोर्चा ने सरकार से मांग की कि आंगनबाड़ी केंद्रों में कथित रूप से सड़े-गले अंडों और घटिया पोषाहार के वितरण पर तत्काल रोक लगाई जाए। साथ ही पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाए तथा मंत्री रेखा आर्य को मंत्रिमंडल से बर्खास्त किया जाए।

प्रदर्शन में विजयराम शर्मा, दिलबाग सिंह, मोहम्मद आरिफ, के.सी. चंदेल, राम सिंह तोमर, मुजीबुर रहमान, टीकाराम उनियाल, विनोद पड्डा, हाजी असद, प्रवीण शर्मा, पूरन सिंह राघव, प्रोवीर दास, मान चंद राणा, महेंद्र सिंघल, भीम सिंह बिष्ट, अतुल हांडा सहित बड़ी संख्या में मोर्चा कार्यकर्ता मौजूद रहे।

देवभूमि खबर

Related articles