एमडीडीए मास्टर प्लान-2041 हिंदी में प्रकाशित करने की मांग, संयुक्त नागरिक संगठन ने गढ़वाल मंडल आयुक्त को सौंपे सुझाव
देहरादून। संयुक्त नागरिक संगठन के शिष्टमंडल ने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत गढ़वाल आयुक्त एवं एमडीडीए के अध्यक्ष आनंद स्वरूप से मिलने पहुंचकर एमडीडीए के मास्टर प्लान-2041 को राजभाषा हिंदी में प्रकाशित करने की मांग उठाई। आयुक्त की अनुपस्थिति में शिष्टमंडल ने अपर आयुक्त उदय सिंह चौहान से मुलाकात कर शहर में बढ़ते ट्रैफिक जाम, अतिक्रमण, पार्किंग की कमी, प्रदूषण तथा अन्य शहरी समस्याओं को लेकर विस्तृत सुझाव सौंपे।
बैठक में वर्ष 2018 के माननीय उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुरूप एमडीडीए के नेतृत्व में पुनः टास्क फोर्स गठित कर अतिक्रमण हटाने सहित विभिन्न मुद्दों पर गंभीर चर्चा हुई।
सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य आशा डोभाल और सुशील त्यागी ने कहा कि उत्तराखंड राजभाषा अधिनियम-2009 तथा सामान्य प्रशासन विभाग के शासनादेशों के अनुसार आम जनता से जुड़े सभी दस्तावेज हिंदी में जारी किए जाने चाहिए। ऐसे में एमडीडीए का मास्टर प्लान-2041 केवल अंग्रेजी में प्रकाशित करना नियमों की भावना के विपरीत है। उन्होंने मांग की कि हिंदी भाषी नागरिकों की सुविधा के लिए मास्टर प्लान का हिंदी संस्करण शीघ्र प्रकाशित किया जाए।
प्रदीप कुकरेती, कर्नल बी.एम. थापा और विनोद नौटियाल ने सुझाव दिया कि मास्टर प्लान में भूकंप संभावित संवेदनशील क्षेत्रों को लाल रंग से स्पष्ट चिह्नित किया जाए। इसके अलावा सड़कों के मानकों, पार्कों, हरित क्षेत्रों तथा रेन वाटर हार्वेस्टिंग के प्रभावी प्रावधानों को भी शामिल किया जाए।
पूर्व पार्षद एवं सोसायटी वेलफेयर के अध्यक्ष देवेंद्र पाल सिंह मौंटी ने कहा कि जब तक मास्टर प्लान-2041 का हिंदी संस्करण प्रकाशित नहीं होता, तब तक उस पर जनता से सुझाव और आपत्तियां लेना न्यायोचित नहीं होगा। उन्होंने आवासीय एवं व्यावसायिक क्षेत्रों को स्पष्ट रूप से अलग-अलग दर्शाने की भी मांग की।
अपर आयुक्त उदय सिंह चौहान ने शिष्टमंडल के सभी सुझावों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि इन्हें शीघ्र ही गढ़वाल आयुक्त के समक्ष प्रस्तुत कर आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजा जाएगा।
शिष्टमंडल में कर्नल बी.एम. थापा, सुशील त्यागी, देवेंद्र पाल सिंह मौंटी, एस.पी. चौहान, विनोद नौटियाल, दिनेश भंडारी, आशा डोभाल, उमेश्वर सिंह रावत, अतुल कुमार गुप्ता, ठाकुर शेर सिंह, मोहन सिंह खत्री, पदमेंद्र सिंह बर्त्वाल, मुकेश नारायण शर्मा, अवधेश शर्मा, प्रदीप कुकरेती सहित अन्य सदस्य मौजूद रहे।

