कर्णप्रयाग पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में ₹8 लाख की चोरी गई विद्युत सामग्री बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार

कर्णप्रयाग पुलिस की बड़ी कामयाबी: 24 घंटे में ₹8 लाख की चोरी गई विद्युत सामग्री बरामद, चार आरोपी गिरफ्तार
Spread the love

चमोली पुलिस ने बिजली लाइन निर्माण सामग्री चोरी के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 24 घंटे के भीतर लगभग ₹8 लाख मूल्य की चोरी गई सामग्री की शत-प्रतिशत बरामदगी कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी (लोडर) वाहन भी पुलिस ने जब्त कर लिया है।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पँवार के निर्देशन में कर्णप्रयाग पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए इस चोरी का सफल अनावरण किया। जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई 2026 को टी.एस. पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साइट इंजीनियर नकुल कुमार ने कोतवाली कर्णप्रयाग में शिकायत दर्ज कराई थी कि आर.डी.एस.एस. परियोजना के तहत नौटी, पुडियाणी और जाख गांवों में बिजली लाइन बदलने के लिए साइट पर रखी गई करीब 1100 मीटर पीवीसी (ए.बी.सी.) केबल, 3-4 कुंतल एल्युमीनियम वायर तथा अन्य हार्डवेयर सामग्री अज्ञात चोर चोरी कर ले गए हैं।

मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर क्षेत्राधिकारी कर्णप्रयाग त्रिवेन्द्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक विनोद थपलियाल के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल के आसपास गहन जांच और सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया, जिसमें देर रात एक संदिग्ध छोटा हाथी वाहन की आवाजाही सामने आई।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गौचर पुलिस चौकी पर संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। वाहन से चोरी की गई पूरी सामग्री बरामद कर ली गई तथा चारों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों में मो. दानिश (23 वर्ष), चाँद मोहम्मद (20 वर्ष), फरमान (30 वर्ष) तथा सुएब (23 वर्ष) शामिल हैं, जो उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद, सम्भल और बुलंदशहर जनपदों के निवासी हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त छोटा हाथी वाहन (UP-14 ST-4911), 8 बंडल पीवीसी (ए.बी.सी.) केबल, 7 बंडल एल्युमीनियम वायर तथा 4 कट्टे हार्डवेयर एसेसरीज बरामद की हैं। बरामद सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब ₹8 लाख बताई गई है।

आरोपियों के विरुद्ध मु0अ0सं0-21/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 303(2) एवं 317(2) में अभियोग पंजीकृत किया गया है। सभी आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

इस सफल कार्रवाई में उपनिरीक्षक मानवेन्द्र गुसाई, उपनिरीक्षक सरोज नौटियाल, अपर उपनिरीक्षक विजय जखमोला, अपर उपनिरीक्षक गणेश कुमार, हेड कांस्टेबल अशोक रावत, हेड कांस्टेबल हनुमंत तथा कांस्टेबल सुशील कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

देवभूमि खबर

Related articles