दलाई लामा के 91वें जन्मोत्सव पर राज्य स्तरीय फुटबॉल टूर्नामेंट, चार टीमें सेमीफाइनल में पहुंचीं

देहरादून। तिब्बत समाज के आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के 91वें जन्मोत्सव के अवसर पर ढोंडुपलिंग फुटबॉल क्लब, क्लेमेंटटाउन की ओर से तिब्बत स्कूल फुटबॉल ग्राउंड में राज्य स्तरीय ओपन एज फुटबॉल टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। सप्ताहभर चलने वाले इस टूर्नामेंट में उत्तराखंड की 12 बेहतरीन टीमें भाग ले रही हैं।
टूर्नामेंट में ढोंडुपलिंग एफसी, मुंडा ब्रदर्स एफसी, गुरुंग एफसी, मसूरी यूनाइटेड (एमयू) एफसी, एन्जॉय एफसी, प्रेरणा एफसी, दून चैलेंजर एफसी, कोको देकलिंग एफसी, पोंटा चोसलम एफसी, रोंग एफसी, गोरखा इलेवन एफसी और नई बस्ती एफसी प्रतिभाग कर रही हैं।
टूर्नामेंट के चीफ रेफरी एवं मैच कमिश्नर के रूप में डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत की नियुक्ति की गई है। उनके साथ रेफरी दोर्जी, हर्षित चौहान, उत्कर्ष, रोशन चंद, अमन जखमोला, चर्चिल राणा और विमल सिंह रावत मैचों का सफल संचालन कर रहे हैं।
लीग चरण के मुकाबलों में पोंटा चोसलम एफसी और दून चैलेंजर एफसी के बीच मुकाबला 2-2 की बराबरी पर समाप्त हुआ। अंकों के आधार पर पोंटा चोसलम एफसी ने सेमीफाइनल में जगह बनाई।
दूसरे लीग मैच में प्रेरणा एफसी ने मसूरी यूनाइटेड एफसी को 3-2 से हराया, लेकिन अंक तालिका के आधार पर दोनों टीमें अपने ग्रुप से बाहर हो गईं, जबकि मुंडा ब्रदर्स एफसी ने सेमीफाइनल में प्रवेश किया।
तीसरे लीग मैच में रोंग एफसी और नई बस्ती एफसी के बीच मुकाबला 3-3 से बराबरी पर छूटा। बेहतर अंकों के आधार पर रोंग एफसी ने अंतिम चार में स्थान बनाया।
अब पहले सेमीफाइनल में मुंडा ब्रदर्स एफसी का मुकाबला रोंग एफसी से होगा, जबकि दूसरे सेमीफाइनल में पोंटा चोसलम एफसी का सामना एन्जॉय एफसी से होगा।
टूर्नामेंट के आयोजन में तामदिन, याशी, ताशी और गोम्पो सहित कई सहयोगियों का महत्वपूर्ण योगदान है। विजेता एवं उपविजेता टीमों को नकद पुरस्कार और आकर्षक ट्रॉफी प्रदान की जाएगी।
मैच कमिश्नर डॉ. वीरेन्द्र सिंह रावत ने बताया कि वर्तमान में अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में आयोजित फीफा प्रतियोगिता के दौरान लागू किए गए नवीनतम रेफरिंग नियमों को इस टूर्नामेंट में भी अपनाया जा रहा है। इसके लिए प्रतियोगिता से पूर्व रेफरियों का एक सप्ताह का विशेष कार्यशाला आयोजित की गई थी, जिसमें नए रेफरियों को प्रशिक्षित किया गया। उन्होंने कहा कि इन नए नियमों के प्रयोग से खिलाड़ी, कोच और रेफरी सभी अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप स्वयं को अपडेट रख सकेंगे।

