बलुवाकोट में जनसेवा शिविर में 67 शिकायतें सुनी गईं, डीएम ने अधिकांश का मौके पर कराया समाधान

पिथौरागढ़। राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तहत सोमवार को विकासखंड धारचूला के बलुवाकोट स्थित राजकीय इंटर कॉलेज परिसर में बहुउद्देशीय जनसेवा शिविर एवं जनसुनवाई का आयोजन किया गया। जिलाधिकारी आशीष भटगांई की अध्यक्षता में आयोजित शिविर में विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर सरकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया।
जनसुनवाई के दौरान ग्रामीणों ने सड़क, पेयजल, बिजली, स्वास्थ्य, शिक्षा, राजस्व, सिंचाई, कृषि, राशन कार्ड, मनरेगा, वन एवं दूरसंचार सहित विभिन्न विषयों से जुड़ी 67 शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने अधिकांश शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कराया, जबकि शेष मामलों के त्वरित और समयबद्ध समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
जिलाधिकारी आशीष भटगांई ने कहा कि ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासन को जनता के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना और केंद्र व राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने बताया कि प्रथम चरण की सफलता के बाद सेवा पखवाड़ा के अंतर्गत अब उन क्षेत्रों में भी शिविर लगाए जा रहे हैं, जहां पहले यह कार्यक्रम आयोजित नहीं हो सके थे।
उन्होंने युवाओं से स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील करते हुए कहा कि सभी शिकायतों का पारदर्शी और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। इसके लिए विकास भवन में विशेष कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है और सभी विभागों को निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को विकास कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा ग्राम सभाओं और स्थानीय समितियों की सक्रिय भागीदारी के साथ जनसमस्याओं के समाधान पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।
शिविर में आय, जाति और निवास प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, स्वास्थ्य परीक्षण, कृषि एवं उद्यानिकी परामर्श, पशुपालन सेवाएं, बैंकिंग सुविधाएं, स्वरोजगार योजनाओं की जानकारी, विद्युत एवं पेयजल संबंधी शिकायतों के निस्तारण सहित विभिन्न सेवाएं उपलब्ध कराई गईं। साथ ही पात्र लाभार्थियों से विभिन्न योजनाओं के आवेदन भी प्राप्त किए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी रमा गोस्वामी, उप जिलाधिकारी धारचूला आशीष जोशी, खंड विकास अधिकारी ललित गोस्वामी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, ग्राम प्रधान एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

