हरेला पर्व की तैयारियां तेज करें, क्लस्टर विद्यालयों में जल्द मिले परिवहन सुविधा: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन

हरेला पर्व की तैयारियां तेज करें, क्लस्टर विद्यालयों में जल्द मिले परिवहन सुविधा: मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन
Spread the love

देहरादून। मुख्य सचिव श्री आनन्द बर्द्धन ने सचिवालय से प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक कर हरेला पर्व की तैयारियों और क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने सभी जनपदों को हरेला पर्व बड़े स्तर पर मनाने के लिए विस्तृत एक्शन प्लान तैयार करने के निर्देश दिए।

मुख्य सचिव ने कहा कि हरेला पर्व को जनभागीदारी का अभियान बनाया जाए। इसके लिए स्कूलों, गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ), न्याय पंचायतों, ग्राम पंचायतों तथा विभिन्न सामाजिक संगठनों को जोड़ते हुए व्यापक स्तर पर पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।

बैठक में क्लस्टर विद्यालयों की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को परिवहन सुविधा उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार क्लस्टर विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ सभी आवश्यक सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने की दिशा में कार्य कर रही है।

उन्होंने निर्देश दिए कि चिन्हित क्लस्टर विद्यालयों में से ‘लो हैंगिंग फ्रूट’ श्रेणी के विद्यालयों को प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया जाए। साथ ही गढ़वाल एवं कुमाऊं मंडल के आयुक्तों को साप्ताहिक समीक्षा करते हुए क्लस्टर विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए परिवहन सुविधा शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बैठक में प्रमुख सचिव श्री आर. के. सुधांशु, सचिव श्री नितेश कुमार झा, श्री रविनाथ रामन, डॉ. वी. षणमुगम, श्री चंद्रेश कुमार यादव, श्री विनोद कुमार सुमन सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी तथा सभी जनपदों के जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles