समाज कल्याण योजनाएं बनें 25 साल आगे की सोच के साथ, 9.80 लाख लाभार्थियों को ₹145.42 करोड़ पेंशन जारी: मुख्यमंत्री धामी

समाज कल्याण योजनाएं बनें 25 साल आगे की सोच के साथ, 9.80 लाख लाभार्थियों को ₹145.42 करोड़ पेंशन जारी: मुख्यमंत्री धामी
Spread the love

देहरादून। मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने समाज कल्याण विभाग की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को निर्देश दिए कि विभाग की सभी योजनाएं केवल वर्तमान जरूरतों तक सीमित न रहें, बल्कि अगले 25 वर्षों की चुनौतियों और आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर तैयार की जाएं। उन्होंने कहा कि योजनाएं ऐसी हों जो समय के साथ प्रभावी बनी रहें और अन्य राज्यों के लिए भी “बेस्ट प्रैक्टिस” का उदाहरण प्रस्तुत करें।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि डोईवाला (देहरादून), पाइनस (नैनीताल) और सोमेश्वर (अल्मोड़ा) स्थित बाबू जगजीवन राम छात्रावासों का निर्माण कार्य हर हाल में अक्टूबर तक पूरा किया जाए, ताकि अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं को शीघ्र बेहतर आवासीय और शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने योजनाओं के एकीकरण, वित्तीय प्रबंधन और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विशेष जोर देते हुए कहा कि 60 वर्ष की आयु पूरी करते ही पात्र नागरिकों को स्वतः वृद्धावस्था पेंशन का लाभ मिलना चाहिए, जिससे उन्हें अनावश्यक प्रक्रियाओं से न गुजरना पड़े।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने शासकीय आवास सभागार से समाज कल्याण विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं के तहत जून 2026 की पेंशन राशि डीबीटी (वन क्लिक) के माध्यम से जारी की। उन्होंने 9,80,950 लाभार्थियों के बैंक खातों में लगभग ₹145.42 करोड़ की पेंशन राशि सीधे हस्तांतरित की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य केवल योजनाएं बनाना नहीं, बल्कि ऐसी स्थायी और प्रभावी सामाजिक सुरक्षा व्यवस्था विकसित करना है, जो आने वाली पीढ़ियों की जरूरतों को भी पूरा कर सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक सुरक्षा, शिक्षा और सम्मान प्रत्येक पात्र नागरिक का अधिकार है।

बैठक में कैबिनेट मंत्री श्री खजान दास, समाज कल्याण सचिव एवं विभाग के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

देवभूमि खबर

Related articles