दून विश्वविद्यालय की प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक सम्पन्न, 4,136 में से 3,165 अभ्यर्थी हुए शामिल

देहरादून। दून विश्वविद्यालय में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए आयोजित प्रवेश परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हो गई। दो दिवसीय प्रवेश परीक्षा 7 और 8 जुलाई को तीन पालियों में कंप्यूटर आधारित टेस्ट (सीबीटी) के माध्यम से आयोजित की गई।
विश्वविद्यालय के कुलसचिव दुर्गेश डिमरी ने बताया कि प्रवेश परीक्षा देहरादून, दिल्ली, लखनऊ और हल्द्वानी स्थित परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। सभी परीक्षा केंद्रों पर विश्वविद्यालय की ओर से पर्यवेक्षक एवं प्रतिनिधियों की तैनाती की गई थी, जिससे परीक्षा प्रक्रिया निष्पक्ष और सुचारु रूप से संचालित हो सकी।
उन्होंने बताया कि परीक्षा के सफल आयोजन में सभी अधिकारियों, कर्मचारियों, पर्यवेक्षकों, सहायक पर्यवेक्षकों और कक्ष निरीक्षकों का सहयोग सराहनीय रहा।
कुलसचिव के अनुसार, विश्वविद्यालय के विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कुल 4,136 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 3,165 अभ्यर्थी दो दिनों में आयोजित विभिन्न सत्रों की प्रवेश परीक्षा में शामिल हुए। विश्वविद्यालय प्रशासन ने परीक्षा के सफल आयोजन पर सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त किया।

