घने कोहरे और मूसलाधार बारिश से नैनीताल बेहाल, जनजीवन प्रभावित, स्कूलों में अवकाश

नैनीताल। सरोवर नगरी नैनीताल सहित पूरे जनपद और उत्तराखंड के कई हिस्सों में 8 जुलाई से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। नैनीताल में घना कोहरा छाने से दृश्यता बेहद कम हो गई है और आमने-सामने की वस्तुएं तक दिखाई नहीं दे रही हैं। सामान्य दिनों में पर्यटकों और स्थानीय लोगों से गुलजार रहने वाला माल रोड भी बारिश और कोहरे के कारण सुनसान नजर आ रहा है।
लगातार खराब मौसम को देखते हुए जिला प्रशासन ने 10 जुलाई को भी जनपद के सभी स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में एक दिवसीय अवकाश घोषित किया है। भारी बारिश के चलते जनपद में दो राज्य मार्ग, दो प्रमुख जिला मार्ग तथा आधा दर्जन ग्रामीण सड़कें बंद हो गई हैं, जिन्हें खोलने का कार्य जारी है। घने कोहरे के कारण वाहन चालकों को दिन में भी हेडलाइट जलाकर सफर करना पड़ रहा है।
मूसलाधार बारिश से नैनीताल झील का जलस्तर बढ़ गया है, जबकि पहाड़ी क्षेत्रों से पत्थर गिरने की घटनाओं की भी सूचना मिल रही है। लगातार हो रही बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और मौसम में ठंडक भी काफी बढ़ गई है। प्रशासन ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम संबंधी चेतावनियों का पालन करने की अपील की है।

