हरिद्वार में फर्जी हॉलमार्किंग पर बीआईएस का बड़ा एक्शन, दो ज्वेलरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी

हरिद्वार में फर्जी हॉलमार्किंग पर बीआईएस का बड़ा एक्शन, दो ज्वेलरी प्रतिष्ठानों पर छापेमारी
Spread the love
देहरादून ।भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) की देहरादून शाखा ने फर्जी हॉलमार्किंग की शिकायत मिलने पर हरिद्वार के ज्वालापुर क्षेत्र में दो आभूषण प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर व्यापक जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान हॉलमार्किंग से जुड़े उपकरणों, अभिलेखों और अन्य साक्ष्यों की गहन जांच की गई। साथ ही एक कटिंग मशीन को तकनीकी परीक्षण और विस्तृत जांच के लिए बीआईएस की निगरानी में रखा गया है।
बीआईएस की टीम ने ज्वालापुर स्थित जहांगीर और बादशाह नामक आभूषण प्रतिष्ठानों पर तलाशी एवं जांच की। अधिकारियों ने बताया कि मामला भारतीय मानक ब्यूरो अधिनियम, 2016 और संबंधित नियमों के तहत जांचाधीन है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बीआईएस, देहरादून के संयुक्त निदेशक सचिन चौधरी ने कहा कि संस्था हॉलमार्किंग प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सभी ज्वैलर्स से केवल बीआईएस से अधिकृत हॉलमार्किंग केंद्रों के माध्यम से ही स्वर्ण आभूषणों की हॉलमार्किंग कराने और सभी कानूनी प्रावधानों का पालन करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि 1 जून 2026 से BIS Care App में नई सुविधा शुरू की गई है। अब उपभोक्ता 6 अंकों वाले HUID का सत्यापन करने पर संबंधित स्वर्ण आभूषण का फोटो और वजन भी देख सकते हैं। इससे यह सुनिश्चित करना आसान होगा कि खरीदा गया आभूषण उसी HUID से संबंधित है।
बीआईएस ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि स्वर्ण आभूषण खरीदने से पहले BIS Care App पर HUID की जांच करें और ऐप पर प्रदर्शित फोटो व वजन का आभूषण से मिलान अवश्य करें। किसी भी प्रकार की असंगति मिलने पर तत्काल बीआईएस को सूचना दें। ब्यूरो ने स्पष्ट किया कि उपभोक्ता हितों की सुरक्षा और हॉलमार्किंग व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ऐसे प्रवर्तन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles