जाली दस्तावेजों से बैंक से 19 लाख का ऋण लेने वाला आरोपी गिरफ्तार, अल्मोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई

जाली दस्तावेजों से बैंक से 19 लाख का ऋण लेने वाला आरोपी गिरफ्तार, अल्मोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई
Spread the love

अल्मोड़ा। उत्तराखण्ड राज्य सहकारी बैंक लिमिटेड की अल्मोड़ा शाखा से जाली दस्तावेजों के आधार पर 19 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर बैंक को चूना लगाने के मामले में कोतवाली अल्मोड़ा पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को चम्पावत जनपद के लोहाघाट क्षेत्र से दबोचा गया।

पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर 2025 को बैंक प्रबंधक समीर भटनाकर की शिकायत पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि हिमांशु कुमार, अधीक्षण अभियंता प्रथम वृत्त, लोक निर्माण विभाग, अल्मोड़ा के नाम पर जाली दस्तावेज प्रस्तुत कर बैंक से 19 लाख रुपये की क्रेडिट लिमिट स्वीकृत कराई गई और क्रेडिट कार्ड के माध्यम से फर्जी तरीके से ऋण प्राप्त किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक चन्द्रशेखर घोड़के के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस टीम ने लगातार सुरागरसी और पतारसी कर 9 जुलाई 2026 को आरोपी हिमांशु कुमार (31 वर्ष) निवासी दरकोट, थाना मुनस्यारी, जनपद पिथौरागढ़ को लोहाघाट से गिरफ्तार किया। विवेचना के दौरान मामले में भारतीय न्याय संहिता की अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं। आरोपी के विरुद्ध आवश्यक वैधानिक कार्रवाई कर न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में चौकी बेस प्रभारी उपनिरीक्षक मनोज कुमार, कांस्टेबल सुन्दर लाल बाराकोटी तथा कांस्टेबल सूरज कुमार शामिल रहे।

देवभूमि खबर

Related articles