पीसीएस परीक्षा में चयनित सचिवालय अधिकारियों का भव्य सम्मान, उत्तराखण्ड सचिवालय संघ ने किया अभिनंदन

पीसीएस परीक्षा में चयनित सचिवालय अधिकारियों का भव्य सम्मान, उत्तराखण्ड सचिवालय संघ ने किया अभिनंदन
Spread the love

देहरादून। उत्तराखण्ड सचिवालय संघ की ओर से वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली सभागार में उत्तराखण्ड लोक सेवा आयोग की संयुक्त राज्य सिविल/प्रवर अधीनस्थ सेवा (पीसीएस) परीक्षा में चयनित सचिवालय सेवा के समीक्षा अधिकारी एवं सहायक समीक्षा अधिकारियों के सम्मान में भव्य अभिनंदन एवं सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह में विभिन्न प्रतिष्ठित राजपत्रित पदों पर चयनित अधिकारियों को पुष्पगुच्छ, अभिनंदन-पत्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सचिवालय संघ के महासचिव एवं पूर्व सैनिक राजेन्द्र रतूड़ी ने कहा कि चयनित अधिकारियों की सफलता पूरे सचिवालय परिवार के लिए गर्व और प्रेरणा का विषय है। वहीं, संघ के अध्यक्ष दीपक जोशी ने सभी अधिकारियों को नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वे अपनी कार्यकुशलता, ईमानदारी और समर्पण से राज्य सेवा में उत्कृष्ट योगदान देंगे।

समारोह में फराज मिया, काजल सैनी, अमित द्विवेदी, श्रुति चंद, खुशबू डोगरा, गोविन्द पाण्डे, सुशांक राणा, दिव्या जोशी, अवधेश कुमार, गोविन्द मिश्रा, राकेश कुमार, पिंकी, विनय कुमार आर्य, बलवन्त नाथ, सुनील राणा और राजेश परमार सहित चयनित अधिकारियों को सम्मानित किया गया। अधिकारियों ने सचिवालय संघ का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सचिवालय में प्राप्त अनुभव और सहयोग ने उनकी सफलता में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है तथा वे अपने नए दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा और ईमानदारी से करेंगे।

समारोह में सचिवालय संघ के पदाधिकारियों, समीक्षा अधिकारी संघ के प्रतिनिधियों, एनएमओपीएस के प्रांतीय पदाधिकारियों सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। चयनित अधिकारियों का प्रशिक्षण 15 जुलाई 2026 से प्रारंभ होगा।

देवभूमि खबर

Related articles