राजपुर में बंद मकान से चोरी का खुलासा, तीन शातिर चोर गिरफ्तार; ₹1.05 लाख नकदी समेत सामान बरामद

देहरादून के राजपुर थाना क्षेत्र में बंद मकान से पीतल की मूर्तियां चोरी करने वाले तीन शातिर चोरों को दून पुलिस ने गिरफ्तार कर चोरी की घटना का खुलासा किया है। आरोपियों के कब्जे से ₹1.05 लाख नकद, एक आला नकब और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार तीनों आरोपी कबाड़ बीनने का काम करते थे और इसी बहाने शहर में घूमकर बंद मकानों की रेकी कर सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे।
पुलिस के मुताबिक 26 जून 2026 को सहस्त्रधारा निवासी अजय सिंह ने राजपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि मसूरी रोड स्थित मक्का वाला क्षेत्र में उनकी मालकिन के बंद मकान का ताला तोड़कर बरामदे में रखी दो पीतल की बड़ी मूर्तियां चोरी कर ली गई हैं। मामले में थाना राजपुर में धारा 305(ए) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। एसएसपी देहरादून के निर्देश पर गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया और संदिग्धों की तलाश शुरू की। 10 जुलाई 2026 को भंडार गांव जंगल रोड के पास से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि चोरी की गई पीतल की मूर्तियां उन्होंने आईएसबीटी क्षेत्र के एक कबाड़ी को बेच दी थीं और मिली रकम आपस में बांट ली थी। संबंधित कबाड़ी फिलहाल फरार है, जिसकी तलाश जारी है।
कार्रवाई में उपनिरीक्षक प्रवीण सैनी (चौकी प्रभारी कुठाल गेट), कांस्टेबल अमित और कांस्टेबल मोहित की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

