उत्तराखंड मास्टर्स गेम्स फेडरेशन में डॉ. विरेंद्र सिंह रावत बने फुटबॉल के मुख्य प्रभारी

उत्तराखंड मास्टर्स गेम्स फेडरेशन में डॉ. विरेंद्र सिंह रावत बने फुटबॉल के मुख्य प्रभारी
Spread the love

देहरादून।उत्तराखंड के विभिन्न खेलों से जुड़े मास्टर्स खिलाड़ियों ने एकजुट होकर उत्तराखंड मास्टर्स गेम्स फेडरेशन का गठन किया है। इस फेडरेशन का उद्देश्य 30 से 100 वर्ष आयु वर्ग के पूर्व राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों को एक मंच पर लाना और उनके लिए राज्य स्तर पर खेल नीति व सम्मान सुनिश्चित कराना है। फेडरेशन में विभिन्न खेलों के लिए अलग-अलग प्रभारी नियुक्त किए गए हैं, जिनमें डॉ. विरेंद्र सिंह रावत को उत्तराखंड में फुटबॉल का मुख्य प्रभारी बनाया गया है। वहीं हर्ष मणि व्यास को अध्यक्ष और सतीश चंद चौहान को महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

फेडरेशन के पदाधिकारियों ने संयुक्त रूप से राज्य के खेल सचिव आईपीएस अमित सिन्हा से मुलाकात कर मास्टर्स खिलाड़ियों के लिए विशेष खेल नीति लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि युवाओं के लिए खेल नीति और स्पोर्ट्स कोटा लागू है, लेकिन मास्टर्स खिलाड़ियों के लिए अब तक कोई समर्पित नीति नहीं बनाई गई है।

डॉ. विरेंद्र सिंह रावत ने कहा कि फुटबॉल उत्तराखंड का राज्य खेल है और उन्हें मिली नई जिम्मेदारी के तहत राज्यभर में मास्टर्स फुटबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करें। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड की मास्टर्स फुटबॉल टीम पिछले पांच वर्षों में 40+, 50+ और 60+ वर्गों में स्वर्ण, रजत और कांस्य पदक जीत चुकी है तथा खिलाड़ियों को मुख्यमंत्री और खेल मंत्री द्वारा सम्मानित भी किया गया है। उन्होंने कहा कि मास्टर्स खिलाड़ियों की एकजुटता युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी, जिससे वे फिटनेस अपनाकर नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रह सकेंगे।

देवभूमि खबर

Related articles