टिहरी पुलिस ने 24 घंटे में 8 लाख के चोरी गए पाइप बरामद किए, दो शातिर चोर गिरफ्तार

टिहरी पुलिस ने 24 घंटे में 8 लाख के चोरी गए पाइप बरामद किए, दो शातिर चोर गिरफ्तार
Spread the love

टिहरी। टिहरी पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए महज 24 घंटे के भीतर करीब 8 लाख रुपये मूल्य के चोरी हुए 32 लोहे के पानी के पाइप बरामद कर दो शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रक और अन्य स्क्रैप सामग्री भी कब्जे में ली है।

पुलिस के अनुसार 14 जुलाई 2026 को जयराज सिंह खण्डका निवासी ग्राम साबली ने कोतवाली नरेन्द्रनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि गजा-चम्बा मोटर मार्ग स्थित पम्पिंग योजना से 32 लोहे के पानी के पाइप चोरी हो गए हैं। शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई।

एसएसपी श्रीमती श्वेता चौबे के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक एवं क्षेत्राधिकारी नरेन्द्रनगर के पर्यवेक्षण में गठित पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का गहन विश्लेषण, सुरागरसी और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर कार्रवाई करते हुए 15 जुलाई को सलेमपुर, मंगलौर (हरिद्वार) से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चोरी गए सभी 32 पाइपों की शत-प्रतिशत बरामदगी करते हुए घटना में प्रयुक्त ट्रक संख्या UK17CA-3604 भी बरामद कर लिया।

पूछताछ में अभियुक्तों ने बताया कि वे हरिद्वार से टिहरी के चम्बा, खाड़ी और गजा क्षेत्र में ट्रक से ईंट सप्लाई का कार्य करते हैं। वापसी में ट्रक खाली होने पर अतिरिक्त कमाई के लिए कबाड़ भी ले जाते थे। इसी दौरान उनकी नजर पम्पिंग योजना के पाइपों पर पड़ी और उन्होंने उन्हें चोरी कर रुड़की के कबाड़ी को बेचने की योजना बनाई। हालांकि, पुलिस ने समय रहते दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शहबान निवासी सलेमपुर दादूपुर, हरिद्वार तथा उस्मान निवासी ताताहेड़ी, थाना गंगोह, जनपद सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक देवराज शर्मा के नेतृत्व में उपनिरीक्षक यशवन्त खत्री, अपर उपनिरीक्षक शान्तिप्रसाद डिमरी, हेड कांस्टेबल मनीष रावत, हेड कांस्टेबल रामकुमार, कांस्टेबल विवेक कुमार तथा सीआईयू शाखा के प्रभारी उपनिरीक्षक ओमकांत भूषण, हेड कांस्टेबल अशोक कुमार और हेड कांस्टेबल विकास सैनी ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

देवभूमि खबर

Related articles