मोहन सिंह खत्री ने उठाई कोरोनेशन अस्पताल में एमआरआई मशीन और ब्लड बैंक को उपकरण उपलब्ध कराकर शुरू करने की मांग

देहरादून। सामाजिक सेवी एवं वरिष्ठ राज्य आंदोलनकारी मोहन सिंह खत्री ने पंडित दीन दयाल उपाध्याय कोरोनेशन जिला चिकित्सालय, देहरादून में एमआरआई मशीन स्थापित करने तथा निर्मित ब्लड बैंक को आवश्यक उपकरण उपलब्ध कराकर शीघ्र संचालित करने की मांग को लेकर स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री सुबोध उनियाल को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में कहा गया है कि कोरोनेशन जिला चिकित्सालय पर देहरादून सहित आसपास के जनपदों के हजारों मरीज उपचार के लिए निर्भर हैं, लेकिन अस्पताल में एमआरआई मशीन उपलब्ध न होने से मरीजों, विशेषकर आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को निजी अस्पतालों में महंगी जांच कराने के लिए मजबूर होना पड़ता है।
इसके साथ ही ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि अस्पताल में ब्लड बैंक का भवन बनकर तैयार है, लेकिन आवश्यक उपकरण और मशीनरी उपलब्ध न होने के कारण उसका संचालन अब तक शुरू नहीं हो सका है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को रक्त की व्यवस्था के लिए इधर-उधर भटकना पड़ता है तथा निजी ब्लड बैंकों पर निर्भर रहना पड़ता है।
मोहन सिंह खत्री ने स्वास्थ्य मंत्री से आग्रह किया कि कोरोनेशन अस्पताल में शीघ्र एमआरआई मशीन स्थापित करने तथा ब्लड बैंक को आवश्यक संसाधनों से सुसज्जित कर जल्द शुरू कराने के निर्देश दिए जाएं, ताकि आमजन को बेहतर, सुलभ और किफायती स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। ज्ञापन पर स्वास्थ्य मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश भी दिए।

